जी, हां लोकसभा चुनाव के छठे फेज में शनिवार को 7 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 58 सीटों पर वोटिंग जारी है। छठे फेज में दिल्ली की सभी 7 सीटें, हरियाणा की सभी 10 सीटें, बिहार की 8, झारखंड की 4, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर वोटिंग होगी।
वहीं, जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर तीसरे फेज में चुनाव होना था, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। यहां छठे फेज में वोटिंग होनी है। इसके साथ ही ओडिशा राज्य विधानसभा के 42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक, छठे फेज में 889 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 797 पुरुष और 92 महिला उम्मीदवार हैं। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।
छठे फेज में 3 केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह मैदान में हैं। वहीं, 3 पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, मनोहर लाल खट्टर और जगदंबिका पाल भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके साथ ही भोजपुरी स्टार और सांसद मनोज तिवारी, मेनका गांधी, नवीन जिंदल, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, राज बब्बर, निरहुआ की किस्मत भी EVM में लॉक हो जाएगी। ज्यादातर लोकसभा क्षेत्रों में वोटिंग टाइम सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है, लेकिन कुछ स्थानों पर समय में बदलाव किया गया है।
किस राज्य की कौन सी सीट पर वोटिंग?
दिल्ली- चांदनी चौक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और दक्षिण दिल्ली।
हरियाणा- अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव, फरीदाबाद।
उत्तर प्रदेश- सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डोमरियागंज, बस्ती, संत कबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही।
बिहार- वाल्मिकी नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज (SC),सीवान और महाराजगंज।
झारखंड- गिरिडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर।
ओडिशा- भुवनेश्वर, पुरी, ढेंकनाल, क्योंझर (SC), कटक, संबलपुर।
पश्चिम बंगाल- तमलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा, बिष्णुपुर।
जम्मू-कश्मीर-अनंतनाग-राजौरी।
सीटें जिनपर रहेंगी नजर
1. नई दिल्ली- दिल्ली की इस प्रतिष्ठित सीट पर बीजेपी ने दिवंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को उतारा है। जबकि उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती से होगा। सोमनाथ भारती 3 बार के विधायक रह चुके हैं। ये दोनों उम्मीदवार पेशे से वकील हैं।
2. उत्तर-पूर्वी दिल्ली- इस सीट पर बीजेपी ने मनोज तिवारी को रिटेन किया है। जबकि INDIA अलायंस के गठबंधन के तहत कांग्रेस ने यहां कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाया है। मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया कुमार को उतारकर कांग्रेस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
3. सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)- सुल्तानपुर में बीजेपी ने मेनका गांधी को मौका दिया है। उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के राम भुआल निषाद से होगा। मेनका इस सीट से 8 बार संसद पहुंची हैं। जबकि भुआल बड़े निषाद नेताओं में शुमार किए जाते हैं। निषाद समाज के वोट बैंक पर उनकी मजबूत पकड़ है।
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें
4. कुरुक्षेत्र (हरियाणा)- कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल दूसरी चुनावी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। वो हाल ही में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए हैं। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के सुशील गुप्ता और INLD के अभय सिंह चौटाला से होगा।
5. गुड़गांव (हरियाणा)- हरियाणा की एक और सीट पर दिलचस्प मुकाबला है। गुड़गांव में इस बार कांग्रेस-बीजेपी की टक्कर है। बीजेपी ने राव इंद्रजीत सिंह को उतारा है। कांग्रेस से उनका सामना वेटरन एक्टर राज बब्बर करेंगे। राव इसी सीट से लगातार 3 बार संसद पहुंचे हैं। राज बब्बर अपनी स्टारडम से फायदा उठाना चाहेंगे।
6. करनाल (हरियाणा)- हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर इस सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा से होगा।
7.अनंतनाग-राजौरी सीट (जम्मू-कश्मीर)- इस सीट पर 20 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला PDP की महबूबा मुफ्ती और मियां अल्ताफ के बीच है। आर्टिकल 370 हटने के बाद यहां पहली दफा चुनाव होंगे।
8. पुरी (ओडिशा)- पुरी सीट को बीजू जनता दल का गढ़ माना जाता है। बीजेपी ने यहां संबित पात्रा को उतारा है। जबकि बीजेडी ने अरूप मोहन पटनायक को उम्मीदवार बनाया है।
9. सिवान (बिहार)- इस सीट से बाहुबली शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोंक रही हैं। JDU ने लक्ष्मी कुशवाहा को मौका दिया है।
10. तमलुक (बंगाल)- कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व जज अभिजीत गंगोपाध्याय को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है। TMC ने उनके खिलाफ 28 साल के देबांगशु भट्टाचार्य पर दांव खेला है।
इसके बाद 1 जून को सातवें फेज में 56 सीटों पर वोट डाले जाएंगे और लोकसभा चुनाव संपन्न हो जाएंगे। 4 जून को नतीजों का ऐलान होगा।
