टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने अमेरिकी यूजर्स से नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन रद्द करने की खुली अपील की है। मस्क की अपील के बाद सोशल मीडिया पर बहिष्कार की लहर तेज हो गई है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “अपने बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नेटफ्लिक्स रद्द करें।”
क्यों कर रहे हैं मस्क विरोध?
मस्क का विरोध मुख्य रूप से दो कारणों से जुड़ा है।
चार्ली किर्क की हत्या पर विवादित टिप्पणी – नेटफ्लिक्स से जुड़े एनिमेशन निर्माता हैमिश स्टील पर आरोप है कि उन्होंने रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या पर आपत्तिजनक पोस्ट किया था।
‘वेक एजेंडा’ और भेदभाव के आरोप – मस्क का कहना है कि नेटफ्लिक्स अपनी विविधता नीति के नाम पर गोरे लोगों के साथ भेदभाव करता है और बच्चों पर ‘वोक एजेंडा’ थोपता है।
चार्ली किर्क की हत्या और विवादित पोस्ट
10 सितंबर 2025 को रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके अंतिम संस्कार में एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल हुए। इस बीच हैमिश स्टील पर आरोप लगा कि उन्होंने किर्क की मौत पर अपमानजनक पोस्ट डाला, जिसके बाद लोगों ने नेटफ्लिक्स को कठघरे में खड़ा कर दिया।
नेटफ्लिक्स पर ‘वेक एजेंडा’ थोपने का आरोप
कई यूजर्स का कहना है कि नेटफ्लिक्स अपनी सीरीज और रिपोर्ट्स के जरिए बच्चों पर ट्रांसजेंडर और ‘वोक’ एजेंडा थोप रहा है। इसी को लेकर मस्क ने कहा कि प्लेटफॉर्म “त्वचा के रंग के आधार पर नियुक्ति” को बढ़ावा दे रहा है, जबकि नियुक्ति योग्यता से होनी चाहिए।
बहिष्कार की ओर बढ़ते यूजर्स
ऊर्जा विभाग के पूर्व वैज्ञानिक मैट वैन स्वोल समेत हजारों यूजर्स ने अपनी सदस्यता रद्द करने की घोषणा की। मस्क लगातार इन पोस्ट्स को रीट्वीट कर रहे हैं और यूजर्स से नेटफ्लिक्स छोड़ने की अपील कर रहे हैं। एलन मस्क की अपील के बाद नेटफ्लिक्स पर बहिष्कार की मांग तेज हो गई है। यह विवाद केवल एक कर्मचारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कंपनी की नीतियां और सामाजिक एजेंडा भी सवालों के घेरे में हैं।


