Zoho की इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप Arattai जो कुछ हफ्ते पहले तक गूगल प्ले स्टोर की टॉप लिस्ट में थी, अब उसकी लोकप्रियता तेजी से घट रही है। ‘मेड इन इंडिया’ टैग और Zoho के नाम के बावजूद, ऐप अब गूगल प्ले स्टोर पर सातवें स्थान पर आ गई है। वहीं, व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसी ग्लोबल ऐप्स ने फिर से टॉप पोजीशन पर कब्जा जमा लिया है।
कभी नंबर वन, अब सातवें नंबर पर
कुछ हफ्ते पहले Arattai ने टॉप फ्री कम्युनिकेशन ऐप्स की लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया था। लेकिन अब यह स्नैपचैट, ट्रूकॉलर, व्हाट्सऐप मैसेंजर, व्हाट्सऐप बिजनेस, टेलीग्राम और फेसबुक मैसेंजर से नीचे खिसक गई है। ऐप की अचानक गिरावट इस बात की ओर इशारा करती है कि ग्लोबल मार्केट में इसकी पकड़ अभी कमजोर है।
एन्क्रिप्शन की कमी बनी कमजोर कड़ी
यूजर्स के मुताबिक, Arattai ऐप में टेक्स्ट मैसेज के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (E2E Encryption) नहीं होना इसकी गिरती लोकप्रियता की बड़ी वजह है। हालांकि, वॉयस और वीडियो कॉल के लिए यह सुरक्षा फीचर मौजूद है, लेकिन टेक्स्ट चैट के लिए इसका अभाव यूजर्स को व्हाट्सऐप जैसी सुरक्षित ऐप्स की ओर वापस खींच रहा है।
ऐपल स्टोर पर अब भी कायम है दबदबा
जहां गूगल प्ले स्टोर पर Arattai की रैंकिंग गिरी है, वहीं ऐपल ऐप स्टोर पर यह अभी भी टॉप सोशल मीडिया ऐप्स में अपनी जगह बनाए हुए है। यहां इसने व्हाट्सऐप को भी पीछे छोड़ रखा है। इससे साफ है कि iOS यूजर्स के बीच अभी भी इस ‘भारतीय ऐप’ पर भरोसा कायम है।
अक्टूबर में मिली थी बड़ी सफलता
Zoho कॉर्पोरेशन ने जनवरी 2021 में Arattai लॉन्च की थी, जिसका मकसद था विदेशी ऐप्स का भारतीय विकल्प देना। अक्टूबर 2025 की शुरुआत में यह ऐप एकदम से सुर्खियों में आई और दोनों ऐप स्टोर्स पर नंबर वन बन गई। लेकिन अब यह चार दिन की चांदनी साबित होती दिख रही है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
