भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपी बनाए गए पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और उसके भाई बसपा सांसद अफजाल अंसारी को इस मामले में दोषी करार देते हुए गाजीपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने क्रमश: 10 साल और 4 साल की सजा सुनाई है।
इसके साथ ही अफजाल की सांसदी खत्म होने का रास्ता भी साफ हो गया है। बता दें कि अफजाल अंसारी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रहे मनोज सिन्हा (वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल) को हराकर जीत हासिल की थी।
अफजल के लिए फैसला बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि सजा का मतलब लोकसभा सीट हारना है। इससे पहले दिन में अंसारी बंधुओं के खिलाफ अपहरण और हत्या के एक मामले में फैसला सुनाने के लिए गाजीपुर अदालत के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
क्या था मामला
अफजाल अंसारी और मुख्तार अंसारी के खिलाफ गैंगस्टर का ये मामला करंडा थाना और मोहम्दाबाद थानों में दर्ज आपराधिक मुकदमों के आधार पर बनाए गए गैंगचार्ट पर आधारित है। इसमें अफजाल पर जहां 2005 में हुई भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या का मामला है वहीं मुख्तार अंसारी के खिलाफ इसके अलावा रुंगटा अपहरण और हत्याकांड का भी मामला है।
29 नवम्बर 2005 को एक क्रिकेट मैच का उद्घाटन कर लौटते वक्त बसनिया चट्टी के पास मुख्तार अंसारी गैंग के गुर्गों ने करीब 500 राउंड फायरिंग कर विधायक कृष्णानंद राय समेत सात लोगों की हत्या कर दी थी। इस मामले में कुख्यात अपराधी मुन्ना बजरंगी का नाम मुख्य तौर पर उभरकर सामने आया था। मुन्ना बजरंगी की कुछ साल पहले जेल में हत्या हो गई थी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
















