देहरादून, खबर संसार। उत्तराखंड में कोरोना का खतरा! सरकार ने जारी की एडवाइजरी व दिशा-निर्देश जी, हां देश में कोरोना के नए सब-वेरिएंट को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। कोरोना के नए सब-वेरिएंट जेएन.1 (बीए.2.86.1.1) के मामले सामने आने के बाद उत्तराखंड सरकार भी अलर्ट हो गई है।
उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की रोकथाम और बचाव के लिए एडवाइजरी और कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ। आर। राजेश कुमार ने कहा कि कुछ राज्यों में जेएन-1 सब-वेरिएंट के रोगियों की संख्या बढ़ रही है।
ऐसे में प्रदेश के सभी जिलों और अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कोरोना की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा गया है। स्वास्थ्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जिसके तहत अस्पतालों में कोविड से बचाव के लिए जारी गाइडलाइन का पालन करना होगा। साथ ही सांस, हृदय रोगियों, और फेफड़े की बीमारी से ग्रसित रोगियों की नियमित रूप से निगरानी की जाए।
इन नियमों का करना होगा पालन
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी दिशा-निर्देश के अनुसार ऑपरेशनल गाइडलाइन्स फॉर रिविसेड सर्विलांस स्ट्रेटेजी इन कॉन्टेक्स्ट ऑफ कोविड-19″ को सख्ती से माना जाएगा। जिला स्तर पर इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस, सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस रोगियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। आईएलआई मरीजों की पर्याप्त संख्या में कोविड-19 एवं इन्फ्लुएंजा जांच की जाएंगी।
साथ ही रोगियों की जानकारी इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फॉर्मेशन प्लेटफार्म (आईएचआईपी) पोर्टल में भी अपलोड की जाएगी। कोविड-19 प्रबंधन के लिए चिकित्सालय स्तर पर समस्त तैयारियां दुरुस्त रखी जाएंगी। आम जनमानस में श्वसन स्वच्छता के प्रति जागरूकता करने के लिए तमाम माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। बिना डॉक्टर के परामर्श के दवाइयों के सेवन से भी बचने के निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़े-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें
















