यूपी के गोंडा में आज बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के कई डिब्बे बेपटरी हो गए। रेलवे ने बयान जारी करते हुए कहा कि चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के गोंडा के पास दोपहर करीब 2:35 बजे पटरी से उतरी।
वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने रेल हादसे की जानकारी ली और अधिकारियों को हादसा स्थल पर पहुंचने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बीच रेलवे के आला अफसर घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कई डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। गोंडा के नजदीक एक्सप्रेस डिरेल हुई है। अभी तक इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि ट्रेन नंबर 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे गोंडा में पलट गए। गोंडा-झिलाही के बीच पिकौरा के पास ये हादसा हुआ है। कितने लोग घायल हैं, इसकी कोई जानकारी अभी नहीं आई है। प्रशासन ने रेस्क्यू टीम गोंडा से रवाना किया है। एसी के चार कोच हादसे का शिकार बताये जा रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ दिए राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
रेल दुर्घटना पर सीएम योगी ने अपने मुख्य सचिव और डीजीपी से बात की है। साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश जारी कर दिए हैं। सीएम के निर्देश के बाद आस-पास के जिलों के सभी अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एसडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को उत्तर प्रदेश में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बारे में जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय स्थिति पर नजर रख रहे हैं और असम सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें

