समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिविल अस्पताल के चीफ़ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर देवेश चंद्र पांडेय ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि प्रतीक यादव को सुबह 5:55 बजे अस्पताल लाया गया था। उस समय तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखा गया
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉक्टर केके सिंह के अनुसार प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। मेडिकल टीम में केजीएमयू और सीएमओ कार्यालय के डॉक्टर शामिल थे। उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। प्रतीक यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता का निधन वर्ष 2022 में हुआ था। प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी, जो वर्तमान में बीजेपी की सक्रिय नेता हैं।
स्कूल के दिनों से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की लव स्टोरी काफी चर्चित रही थी। दोनों के बीच स्कूल के दिनों में ही नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों ने इंग्लैंड में साथ पढ़ाई की। इसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया। साल 2011 में अपर्णा यादव मुलायम परिवार की बहू बनीं। प्रतीक यादव पेशे से व्यवसायी थे और फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी फिटनेस लाइफस्टाइल की चर्चा होती रहती थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अखिलेश यादव बोले- यह हिला देने वाली खबर
अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रतीक यादव का निधन बेहद दुखद और हिला देने वाली खबर है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह बचपन से प्रतीक को जानते थे और कुछ दिन पहले ही उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रतीक अपने कारोबार को आगे बढ़ाना चाहते थे और जीवन में आगे बढ़ने की सोच रखते थे। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि आर्थिक दबाव कई बार व्यक्ति को मानसिक रूप से कमजोर कर देता है। उन्होंने परिवार के हर फैसले के साथ खड़े रहने की बात कही।
सपा और बीजेपी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



