इंदौर में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब सोनम रघुवंशी के तीन मोबाइल फोन पर पुलिस की निगाहें टिक गई हैं। जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद सोनम ने अपने मोबाइल आकाश को सौंप दिए थे, जिसने उन्हें नष्ट कर दिया। घटना के बाद से सोनम के तीनों फोन गायब हैं।
हत्या वाले दिन सोनम ने मर्डर स्पॉट पर ही अपने सभी फोन स्विच ऑफ कर दिए थे। हालांकि, बाद में एक फोन इंदौर में एक्टिव हुआ, जब सोनम ने व्हाट्सएप चेक करने के लिए अपना सिम चालू किया। यही उसकी सबसे बड़ी चूक मानी जा रही है।
गहन सर्च ऑपरेशन में जुटी पुलिस
शिलॉन्ग पुलिस की टीम सोनम के फोन रिकवर करने के लिए इंदौर, गुवाहाटी और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सर्च अभियान चला रही है। इसी दौरान यह भी सामने आया कि राजा का मोबाइल खुद सोनम ने तोड़ा था और फिर आरोपी विशाल ने उसे एक खाई में फेंक दिया।
नए किरदार की एंट्री: संजय वर्मा का नाम आया सामने
इस हत्याकांड में अब एक नया नाम उभरकर सामने आया है – संजय वर्मा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनम ने इस व्यक्ति से 1 मार्च से 8 अप्रैल के बीच करीब 234 बार बात की थी। यह नंबर ट्रू कॉलर पर संजय वर्मा के नाम से रजिस्टर्ड है।
हालांकि, यह भी आशंका जताई जा रही है कि सिम किसी फर्जी नाम पर हो सकती है। 8 जून की रात 11:20 बजे यह नंबर अचानक ऑफलाइन हो गया, ठीक उसी रात जब सोनम गाजीपुर में देखी गई थी।
राजा रघुवंशी के परिजनों से पूछताछ
शिलॉन्ग पुलिस की एक टीम मंगलवार को इंदौर में राजा रघुवंशी के घर पहुंची। उन्होंने राजा के भाई विपिन और मां से सोनम के स्वभाव, शादी के बाद के रिश्तों और उसकी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


