सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को जानकारी दी कि रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। घायल भारतीय का अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में इलाज चल रहा था।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर इस घटना पर दुख जताया। पोस्ट में कहा गया कि भारतीय नागरिक ने आईसीयू में अंतिम सांस ली। दूतावास ने बताया कि वह शुरुआत से ही मृतक के परिवार के संपर्क में था और आगे भी परिवार के साथ बना रहेगा। साथ ही परिवार और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
पढ़ें चर्चित खबरें
दूतावास ने यह भी कहा कि वह मृतक का पार्थिव शरीर भारत पहुंचाने या परिवार की इच्छा के अनुसार रियाद में ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में हरसंभव सहायता करेगा।
10 अक्टूबर को हुआ था हमला
रियाद हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में पहले एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। हमले में जान गंवाने वाले पहले भारतीय की पहचान मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में हुई थी। उनका 12 अक्टूबर को रियाद में अंतिम संस्कार किया गया था।
पढ़ें चर्चित खबरें
23 अक्टूबर को दूतावास ने दी थी जानकारी
भारतीय दूतावास ने 23 अक्टूबर को जारी अद्यतन जानकारी में बताया था कि दो घायल भारतीय नागरिक अब भी गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती थे। वहीं, दो अन्य का अस्पताल के सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा था। तब तक सात घायल भारतीयों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी थी।
हुती विद्रोहियों पर लगा था हमले का आरोप
सऊदी अरब ने 10 अक्टूबर के हमले के लिए यमन के ईरान-समर्थित हुती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, इस समूह ने आधिकारिक तौर पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली। सऊदी अरब के नागर विमानन प्राधिकरण ने शुरुआत में बताया था कि हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए थे।
पढ़ें चर्चित खबरें
हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद मृतकों की संख्या 13 हो गई थी। अब एक और भारतीय नागरिक के निधन के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है।
























