अहमदाबाद। 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट के हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट शनिवार को जारी हुई। रिपोर्ट में सामने आया कि टेकऑफ़ के कुछ सेकंड बाद ही दोनों इंजन अचानक बंद हो गए। इस दौरान कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर में पायलटों के बीच की चौंकाने वाली बातचीत रिकॉर्ड हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक़ विमान ने 13:38:42 पर 180 नॉट्स की अधिकतम रफ्तार पकड़ ली थी। तभी दोनों इंजनों के फ्यूल कटऑफ़ स्विच खुद-ब-खुद ‘रन’ से ‘कटऑफ़’ पोजिशन में आ गए और इंजन बंद हो गए। रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता है, “तुमने कटऑफ़ क्यों किया?” और जवाब आता है, “मैंने नहीं किया।”
हादसे की वजह अब भी अनिश्चित
अब तक यह साफ़ नहीं हुआ है कि इंजन बंद होना मानवीय गलती थी या तकनीकी खराबी। जांच जारी है। एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि वह हादसे में मारे गए यात्रियों के परिवारों के साथ खड़ी है और जांच में सहयोग कर रही है।
260 की मौत, एक चमत्कारिक रूप से बचा
इस हादसे में करीब 260 लोगों की मौत हो गई थी। सिर्फ़ एक यात्री—ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश—विमान के ढांचे से बाहर गिरकर बच गए। दुर्घटनास्थल पर मेडिकल हॉस्टल की इमारतें भी तबाह हो गईं और कई डॉक्टर व छात्र भी मारे गए।
पायलटों का अनुभव
मुख्य पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल के पास 8200 घंटे और को-पायलट क्लाइव कुंदर के पास 1100 घंटे का उड़ान अनुभव था। टेकऑफ़ के समय को-पायलट विमान उड़ा रहे थे और कैप्टन निगरानी कर रहे थे। एयर इंडिया अहमदाबाद हादसा रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब जांच पूरी होने पर ही मिल सकेगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
