हल्द्वानी। डहरिया स्थित दी आनंदा एकेडमी के दो मेधावी छात्रों ने प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की कक्षा 5वीं ‘सी’ की छात्रा नव्या जोशी ने जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। इसके परिणामस्वरूप उसका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, सुयालबाड़ी (नैनीताल) में कक्षा 6वीं में हुआ है। नव्या ने अपनी मेहनत और लगन से इस उपलब्धि को हासिल कर यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी किसी से कम नहीं हैं।
हिमांशु बगड़वाल बने स्पोर्ट्स कॉलेज के होनहार खिलाड़ी
इसी प्रकार कक्षा 5वीं के छात्र हिमांशु बगड़वाल ने खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता दिखाते हुए खुद के लिए एक विशेष स्थान बनाया। हिमांशु का चयन श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, लेलू (पिथौरागढ़) में कक्षा 6वीं में हुआ है।हिमांशु की इस उपलब्धि में उसकी खेल प्रतिभा और शैक्षणिक क्षमता दोनों का योगदान रहा।
स्कूल में मनाया गया उत्सव, बांटी मिठाइयां
दोनों छात्रों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। स्कूल के प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र सिंह बिष्ट और प्रधानाचार्या माया बिष्ट ने नव्या और हिमांशु को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय में इस अवसर पर मिठाई वितरित की गई और सभी ने इन होनहार छात्रों की सराहना की।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
