दिल्ली मेट्रो नेटवर्क देश का सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक मेट्रो सिस्टम माना जाता है। हर दिन लाखों लोग इसका उपयोग ऑफिस, बाजार और आसपास के शहरों तक आने-जाने के लिए करते हैं। एसी कोच और ट्रैफिक फ्री सफर की वजह से यह लोगों की पहली पसंद बन चुका है। दिल्ली से गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद तक मेट्रो की पहुंच ने यात्रा बेहद आसान बना दी है। लेकिन क्या आप जानते हैं, दिल्ली मेट्रो के कुछ ऐसे स्टेशन भी हैं जहां से बाहर निकलने के लिए आईडी कार्ड दिखाना जरूरी है?
सुरक्षा के लिहाज से इन स्टेशनों पर सख्ती
दिल्ली मेट्रो के शंकर विहार और सदर बाजार कैंट स्टेशन पर एग्जिट के समय यात्रियों को अपना पहचान पत्र दिखाना पड़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये दोनों स्टेशन दिल्ली कैंट क्षेत्र में आते हैं, जो एक संवेदनशील डिफेंस जोन है। सुरक्षा कारणों से यहां बिना आईडी प्रूफ के बाहर निकलना मना है।
शंकर विहार और सदर बाजार कैंट: कहां हैं ये स्टेशन?
शंकर विहार मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर है, जो कालकाजी से जनकपुरी वेस्ट तक जाती है। यह स्टेशन जमीन के नीचे बना है और यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है।
वहीं, सदर बाजार कैंट स्टेशन डिफेंस एरिया में सड़क स्तर पर स्थित है। यहां भी यात्री आसानी से आ-जा सकते हैं, लेकिन बाहर निकलने से पहले आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य है।
क्यों जरूरी है आईडी चेक?
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों स्टेशनों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को आदेश है कि बाहर जाने वाले सभी यात्रियों की पहचान सुनिश्चित की जाए। डिफेंस एरिया में होने के कारण किसी भी संदिग्ध गतिविधि से बचने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जाती है। तो अगली बार जब भी आप शंकर विहार या सदर बाजार कैंट स्टेशन से बाहर निकलें, अपना कोई वैध आईडी प्रूफ साथ रखना न भूलें।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
