राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सिर्फ सवाल उठाना नहीं, बल्कि वैकल्पिक नीति भी प्रस्तुत करना होता है।
100 से अधिक आतंकी ढेर, पर लड़ाई अभी बाकी
रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि जब हमारी 25 माताओं-बहनों का सिंदूर उजड़ा, तब सरकार ने उचित कदम उठाया और 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर पर केवल विराम है, पूर्ण विराम नहीं।”
PoK पर कब्जे की बात पर विपक्ष को घेरा
राजनाथ सिंह ने विपक्ष के उन बयानों पर भी पलटवार किया जिसमें कहा गया था कि PoK पर कब्जा कर लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि बीजेपी का स्पष्ट मत है—वह दिन दूर नहीं जब PoK के लोग भारतीय शासन का हिस्सा बनेंगे।
पाकिस्तान के परमाणु झांसे में नहीं आएंगे
रक्षा मंत्री ने दो टूक कहा, “कुछ लोगों को लगता है कि पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार हैं, तो बातचीत ही समाधान है। इसी सोच ने हमें नुकसान पहुंचाया है। अब जवाब ईंट का नहीं, पत्थर का होगा।”
आतंकवाद पर भारत की नीति स्पष्ट: अब नहीं सहेंगे
राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद एक महामारी है और इसका स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि वह खुद कार्रवाई नहीं कर सकता, तो भारत मदद देने को तैयार है।
आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ है रक्षा क्षेत्र
अंत में, उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की बात करते हुए कहा कि भारत अब अपने हथियार, मिसाइल और सुरक्षा उपकरण खुद बना रहा है। इससे न केवल हमारी ताकत बढ़ी है, बल्कि दुनिया को यह संदेश भी गया है कि भारत अब सक्षम और आत्मनिर्भर है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
