हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी लाने हेतु जिलाधिकारी वंदना ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 1 से 20 तक के पार्षदों के साथ अहम बैठक की। बैठक का उद्देश्य वार्डों की प्रमुख समस्याएं जानना और उनके समाधान हेतु आवश्यक रणनीति तैयार करना रहा।
पेयजल, सीवरेज और सड़कों को लेकर सामने आई समस्याएं
बैठक में पार्षदों ने पेयजल संकट, जलभराव, सीवरेज लाइन निर्माण, स्ट्रीट लाइट की कमी, खराब सड़कों, अतिक्रमण और नशेड़ी तत्वों से परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। कई पार्षदों ने स्कूलों के आसपास छुट्टियों के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी रखी।
समस्याओं का समयबद्ध समाधान, विभागीय टीमें होंगी गठित
जिलाधिकारी वंदना ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पेयजल, बिजली, सीवरेज और सड़क मार्ग से जुड़ी शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों की टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें पार्षदों के साथ वार्डों का भ्रमण कर समस्याओं की जांच करेंगी और समाधान के बाद पार्षदों से प्रमाण पत्र भी प्राप्त करेंगी।
सफाई अभियान और सड़क मरम्मत कार्य मानसून के बाद
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून समाप्ति के बाद हॉट मिक्स तकनीक से सड़कों की मरम्मत की जाएगी। वर्तमान में ADB योजना के तहत सीवरेज, पेयजल लाइन और ड्रेनेज सिस्टम जैसे कार्य प्रगति पर हैं, जिससे कुछ मार्गों की खुदाई हुई है, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा।
तालमेल से ही बनेगा हल्द्वानी आदर्श स्मार्ट सिटी
उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तो निश्चित ही हल्द्वानी को सुविधायुक्त और आदर्श स्मार्ट सिटी बनाया जा सकता है। बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उपजिलाधिकारी राहुल शाह और निगम अधिकारियों समेत वार्ड 1 से 20 तक के पार्षद मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
