ईरान ने दावा किया है कि उसने इंटर कांटिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल (ICBM) विकसित कर ली है। यह मिसाइल 10 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक मार कर सकती है। इस दावे के बाद इजरायल, अमेरिका और सऊदी अरब में चिंता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इस मिसाइल की रेंज इतनी है कि यह न केवल मध्य-पूर्व बल्कि यूरोप और अमेरिका तक को कवर कर सकती है।
कैसे काम करती है ICBM?
आईसीबीएम वो मिसाइल होती है जिसकी रेंज कम से कम 5500 किलोमीटर होती है। इसे लॉन्च करने पर यह पहले अंतरिक्ष में जाती है और फिर वायुमंडल में प्रवेश करके लक्ष्य पर हमला करती है। ईरान के नए दावे के मुताबिक अब यूरोप के बड़े देश जैसे फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन भी इसकी पहुंच में आ गए हैं। वहीं अमेरिका के न्यूयॉर्क और वाशिंगटन जैसे शहर भी इस रेंज में बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दिखे प्रक्षेपण के संकेत
18 सितंबर को ईरानी सोशल मीडिया पर सेमनान प्रांत के आसमान की तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें रॉकेट प्रक्षेपण के निशान जैसे दृश्य दिखाई दिए। हालांकि ईरानी सरकार ने इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की। सैटेलाइट तस्वीरों में लॉन्च पैड पर झुलसने के निशान भी देखे गए, जो रॉकेट प्रक्षेपण का संकेत देते हैं।
सांसद का दावा, “ईरान की ताकत का प्रतीक”
ईरानी सांसद मोहसेन ज़ंगानेह ने सरकारी टीवी पर कहा कि गुरुवार को आईसीबीएम का सफल परीक्षण हुआ है। उन्होंने इसे इजरायल और पश्चिमी देशों की चुनौतियों के बीच ईरान की शक्ति का सबूत बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान न तो परमाणु कार्यक्रम से पीछे हटेगा और न ही मिसाइल तैनाती से समझौता करेगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
