पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीबुल्लाह मुजाहिद द्वारा जारी ताजा वीडियो ने दोनों देशों के रिश्तों में आग लगा दी है। वीडियो में तालिबानी लड़ाके पाकिस्तान के टैंक पर सवार होकर उसे चलाते दिख रहे हैं, जबकि पीछे से आवाज आती है—“देखो, ये तालिबानी अब पाकिस्तान का टैंक चला रहे हैं।”
स्पिन बोल्डक में झड़प और जवाबी हमला
मुजाहिद के अनुसार, 15 अक्टूबर की सुबह पाकिस्तानी सेना ने कंधार रेंज के स्पिन बोल्डक जिले में लाइट और हेवी वेपन्स के साथ हमला किया। इस हमले में 12 आम नागरिकों की मौत और 100 से अधिक घायल हुए। इसके जवाब में अफगान डिफेंस फोर्स ने जोरदार पलटवार किया। तालिबानी प्रवक्ता ने दावा किया कि दर्जनों पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और उनके पोस्ट, हथियार व टैंक तालिबान ने जब्त कर लिए।
पाकिस्तान-तालिबान तनाव के रणनीतिक संकेत
विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान तालिबान के साथ एक नया समीकरण बनाना चाहता है, ताकि अफगान धरती से होने वाले हमलों का जवाब देने का औचित्य तैयार किया जा सके। यह रुख भारत के उस कदम से मेल खाता है, जब मई में भारत ने पाकिस्तानी क्षेत्र में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
सीमा पर झड़पों के पीछे का कारण
पाकिस्तानी प्रशासन के मुताबिक, अफगानिस्तान से सक्रिय तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) सबसे बड़ा खतरा बनी हुई है। 2007 में उभरा यह संगठन पाकिस्तान में इस्लामी शासन लागू करने और अपने कैद सदस्यों की रिहाई की मांग करता है। भले ही टीटीपी और अफगान तालिबान अलग-अलग संगठन हैं, लेकिन दोनों की विचारधारा काफी हद तक समान है।
तनाव जारी, स्थायी समाधान दूर
भले ही सीमा पर फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही हो, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह तनाव और बढ़ सकता है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह संघर्ष दक्षिण एशिया में सुरक्षा संतुलन को गहराई से प्रभावित कर सकता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



