भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद के तत्वावधान में खेल, शिक्षा एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित “सांसद खेल महोत्सव” का भव्य आयोजन देहरादून के हॉकी ग्राउंड और पवेलियन ग्राउंड में किया गया। इस महोत्सव में जनपद एवं संसदीय क्षेत्र की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
मंत्री, सांसद और विधायक ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल और विधायक खजान दास ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखा जोश
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत वॉलीबॉल, हॉकी, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, पिठू और एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर) की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें विभिन्न ब्लॉकों की विजेता टीमों ने प्रतिभाग किया।
खेलो इंडिया विजन से प्रेरित आयोजन
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया विजन से प्रेरित है। इसका उद्देश्य युवाओं को फिट, अनुशासित और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। यह आयोजन गांव-गांव से छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य कर रहा है।
गांव की प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेल संस्कृति को मजबूती मिली है। उत्तराखंड सरकार द्वारा खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 3% आरक्षण देना बड़ा प्रोत्साहन है।
विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार
विभिन्न खेलों में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी सहित अधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


