एनटीए पर परीक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच एजेंसी परीक्षा संचालन में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। परीक्षा संचालन को बेहतर बनाने के लिए नई भर्तियां शुरू की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगले 3 महीने में एनटीए में एडहॉक व्यवस्था को खत्म करने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए 20 से ज्यादा स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
एनटीए के अधिकारियों के अनुसार, 20 से ज्यादा स्थायी पदों के लिए एडवर्टाइजमेंट जारी किए जा चुके हैं। चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर, चीफ फाइनेंस ऑफिसर, चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर समेत टेस्ट सिक्योरिटी, आर एंड डी और साइकोमेट्रिक से जुड़े जनरल मैनेजर स्तर के पदों पर भी नियुक्तियां की जा रही हैं। अगले दो से तीन सप्ताह में 20 से 25 अधिकारी एनटीए में शामिल किए जाने की उम्मीद है।
600 एक्सपर्ट्स को परीक्षा टीम से हटाया गया
परीक्षा व्यवस्था में बदलाव के तहत करीब 600 एक्सपर्ट्स को मौजूदा परीक्षा टीम से हटाया गया है। अब औपचारिक भर्ती प्रक्रिया के जरिए नए एक्सपर्ट्स को शामिल किया जा रहा है। एनटीए साइबर सिक्योरिटी, साइकोमेट्रिक और प्रश्न पत्र तैयार करने जैसे क्षेत्रों में प्राइवेट क्षेत्र के एक्सपर्ट्स को भी जोड़ रहा है। एजेंसी बड़ा प्रश्न बैंक तैयार करने की दिशा में भी काम कर रही है।
प्रश्न पत्रों की जांच होगी चार स्तर पर
प्रश्न पत्रों से जुड़ी गलतियों को कम करने के लिए चार स्तर पर जांच की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसमें तथ्यात्मक, टाइपिंग, भाषा और अनुवाद से जुड़ी गलतियों की परीक्षा से पहले समीक्षा की जाएगी। शिक्षा मंत्रालय ने एनटीए को सभी परीक्षा प्रक्रियाओं का विस्तृत ऑडिट करने और सुधारों की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय के अनुसार, परीक्षा टीम में बदलाव किया जा चुका है और 50 से ज्यादा कर्मचारियों को एजेंसी से हटाया गया है।
सरकारी परिसर में होंगे एनटीए के कार्यालय
एनटीए के कार्यालय को सरकारी परिसर में स्थानांतरित करने की तैयारी है। कार्यालयों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी की जगह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी। नई व्यवस्था में बायोमेट्रिक एक्सेस, सीसीटीवी निगरानी, बेहतर डिजिटल सिस्टम और मजबूत साइबर सिक्योरिटी शामिल होगी। कॉन्फिडेंशियल ऑपरेशन के लिए अलग कमरे, एयर गैप्ड सिस्टम और डिवाइस जमा करने जैसी व्यवस्था भी की जाएगी।
10 बड़े बदलाव एक नजर में
- एनटीए में एडहॉक व्यवस्था खत्म करने का लक्ष्य।
- 20 से ज्यादा स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी।
- चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर की नियुक्ति की जा रही है।
- चीफ फाइनेंस ऑफिसर और चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर की नियुक्ति।
- करीब 600 एक्सपर्ट्स को मौजूदा परीक्षा टीम से हटाया गया।
- साइबर सिक्योरिटी और साइकोमेट्रिक क्षेत्र में एक्सपर्ट्स जोड़े जा रहे हैं।
- प्रश्न पत्रों की जांच के लिए चार स्तर की व्यवस्था।
- एनटीए कार्यालयों को सरकारी परिसर में स्थानांतरित करने की तैयारी।
- कार्यालयों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तैनाती।
- कॉन्फिडेंशियल ऑपरेशन में अलग कमरे, एयर गैप्ड सिस्टम और डिवाइस जमा करने की व्यवस्था।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें







