चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आएंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर उनकी यात्रा की पुष्टि की है। नई दिल्ली में होने वाली इस बैठक में मोदी-जिनपिंग की द्विपक्षीय वार्ता पर भी खास नजर रहेगी।
चीन ने जिनपिंग के भारत दौरे पर लगाई मुहर
पिछले कई दिनों से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दिल्ली दौरे को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अब चीन के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि कर दी है। मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने भारत आएंगे।
12 सितंबर को भारत मंडपम में होगा ब्रिक्स समिट
भारत 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। शी जिनपिंग की भारत यात्रा 7 साल बाद हो रही है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब दोनों देश सीमा विवाद को लेकर हुए तनाव के बाद संबंधों को फिर से स्थिर करने के लिए काम कर रहे हैं।
जिनपिंग की पिछली भारत यात्रा 11-12 अक्टूबर 2019 को हुई थी। तब वह तमिलनाडु के मामल्लापुरम पहुंचे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत-चीन के दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे।
करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे जिनपिंग
सूत्रों के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे। बताया जा रहा है कि वह 12 सितंबर को 12 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। पीएम मोदी और जिनपिंग के बीच पहले भारत मंडपम में द्विपक्षीय बातचीत होगी, जिसके बाद वह ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेंगे।
13 सितंबर को दोपहर 12 बजे के करीब जिनपिंग वापस चीन के लिए रवाना होंगे। रूस के राष्ट्रपति पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भी इस समिट में मौजूद होंगे। सभी 11 देशों के राष्ट्राध्यक्ष अब इस समिट के लिए दिल्ली में मौजूद होंगे।
मोदी-जिनपिंग बैठक पर दुनिया की नजर
भारत और चीन के रिश्तों के लिहाज से 12 सितंबर की तारीख अहम रहने वाली है। दिल्ली में इस दिन ब्रिक्स के मंच पर दुनिया की नजरें टिकी होंगी। सबसे ज्यादा पैनी नजर पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर होगी। दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बैठक रिश्तों के लिहाज से काफी अहम होने वाली है।
समिट से पहले चीन की तरफ से भी रिश्तों को लेकर सकारात्मक संकेत आए हैं। भारत में चीनी दूतावास की आधिकारिक प्रवक्ता यू जिंग ने एक्स पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के बयान को शेयर किया था। इसमें जयसवाल ने कहा था कि भारत-चीन संबंध धीरे-धीरे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच के लोगों के जुड़ाव को भी अहम बताया था।
10 अहम प्वाइंट
- शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को भारत आएंगे।
- वह 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
- भारत नई दिल्ली के भारत मंडपम में समिट की मेजबानी कर रहा है।
- जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आएंगे।
- उनकी पिछली भारत यात्रा 11-12 अक्टूबर 2019 को हुई थी।
- पिछली यात्रा में वह तमिलनाडु के मामल्लापुरम पहुंचे थे।
- सूत्रों के मुताबिक, जिनपिंग करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे।
- पीएम मोदी और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी।
- रूस के राष्ट्रपति पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भी मौजूद होंगे।
- भारत-चीन संबंधों को लेकर चीन की तरफ से सकारात्मक संकेत आए हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप






