200 हिंदू घरों को निशाना बनाने का दावा
बांग्लादेश अवामी लीग के छात्र संगठन के अध्यक्ष अल अमीन रहमान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया है कि आवामी लीग के समर्थकों समेत 200 हिंदुओं के घरों को निशाना बनाया गया और उनमें आग लगा दी गई। हालांकि, यह दावा उनके सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर सामने आया है।
आगजनी की घटनाओं के लिए आवामी लीग ने BNP और जमात समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी ने मानवाधिकार संगठनों से इन घटनाओं की जांच कराने की मांग की है। देश में प्रतिबंधित आवामी लीग और BNP के बीच पिछले कई दिनों से टकराव जारी है, जिसके चलते कई इलाकों में तनाव और हिंसा का माहौल बना हुआ है।
शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद बढ़ा तनाव
शेख हसीना ने दिसंबर 2026 में भारत से बांग्लादेश लौटने की योजना की घोषणा की थी। इसके बाद सरकार ने उनके नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के अनुरोध को खारिज कर दिया। इस फैसले के बाद आवामी लीग समर्थकों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। इस दौरान कई जिलों में आगजनी की घटनाएं हुईं।
नरेल में हमले और हत्या की घटनाएं
18 नवंबर को नरेल में एक जुलूस पर हुए हमले में BNP के दो नेताओं की मौत हो गई। इसके बाद 20 नवंबर को नरेल जिले के कालिया उपजिला स्थित बेंदार चार गांव में आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं से जुड़े कई घरों तथा दुकानों पर हमला कर आग लगा दी गई।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों के रिश्तेदारों और समर्थकों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उन आवामी लीग कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया, जिन पर हत्याओं में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और हिंसा को लेकर चिंता बढ़ गई है।












