पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है। जैकोबाबाद के पास रेलवे ट्रैक पर हुए शक्तिशाली विस्फोट के कारण ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। यह यात्री ट्रेन पंजाब से क्वेटा जा रही थी। गनीमत रही कि इस धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
राहत और बचाव में जुटे अधिकारी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और जांच कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल रेल मार्ग को सुचारू करने का प्रयास जारी है।
मार्च में हुआ था बड़ा आतंकी हमला
मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस को पहले भी आतंकी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने निशाना बनाया था। उस हमले में ट्रेन को हाईजैक किया गया था और 36 घंटे तक बंधक संकट चला। इस हमले में 30 से अधिक निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। बाद में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 30 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए।
तक्षशिला में भी हुई दुर्घटना
13 जून को जाफर एक्सप्रेस एक बार फिर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पेशावर से क्वेटा जा रही ट्रेन मरगला सुरंग के पास तक्षशिला में पटरी से उतर गई। रेलवे अधिकारियों ने तकनीकी कारणों को जिम्मेदार बताया। इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रावलपिंडी-पेशावर रेल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
बार-बार निशाने पर जाफर एक्सप्रेस
लगातार हो रहे हादसों और हमलों ने पाकिस्तान के रेलवे सुरक्षा ढांचे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जाफर एक्सप्रेस अब बार-बार आतंकियों और तकनीकी गड़बड़ियों का शिकार बन रही है। सुरक्षा एजेंसियों के सामने यह बड़ी चुनौती बन चुकी है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


