फारस की खाड़ी के रणनीतिक क्षेत्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास बीती रात एक कार्गो जहाज पर हमला होने की खबर सामने आई है। यह जहाज दुबई से रवाना हुआ था और थाईलैंड का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जहाज पर कुल 23 क्रू मेंबर मौजूद थे। घटना के बाद से तीन क्रू सदस्य लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में थाईलैंड का एक नागरिक भी शामिल है। हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और घटना की जांच की जा रही है।
इजरायल का बड़ा कदम: लेबनान में उतारी गोलानी ब्रिगेड
इस बीच मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने बड़ा सैन्य फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिज़बुल्ला के खिलाफ गोलानी ब्रिगेड को तैनात कर दिया है।
गोलानी ब्रिगेड को इजरायल की सबसे आक्रामक और प्रभावी सैन्य इकाइयों में गिना जाता है। यह ब्रिगेड खास तौर पर जमीनी युद्ध और तेज हमले के लिए जानी जाती है।
सूत्रों के मुताबिक, लगभग 2500 सैनिकों वाली यह ब्रिगेड दक्षिण लेबनान और दक्षिण सीरिया की सीमा पर सैन्य नियंत्रण स्थापित करने की क्षमता रखती है।
यूक्रेन का दावा: रूस दे रहा है ईरान को ड्रोन सपोर्ट
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग को लेकर गंभीर दावा किया है।जेलेंस्की के अनुसार, रूस ईरान को ड्रोन तकनीक और सैन्य सहायता उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में रूस मिसाइल और एयर डिफेंस सिस्टम के क्षेत्र में भी ईरान की मदद कर सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह उत्तर कोरिया ने रूस की मदद के लिए लगभग 10 हजार सैनिक भेजे थे, उसी तरह रूस भी ईरान की सहायता के लिए सैनिक भेज सकता है।
ईरान की चेतावनी: बैंक और आर्थिक ठिकाने निशाने पर
- तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल से जुड़े आर्थिक संस्थानों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
- ईरान का आरोप है कि उसके एक बैंक पर हमला किया गया है, जिसके बाद वह जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
- इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि दुश्मनों के हमले के बाद ईरान को जवाब देने का पूरा अधिकार है।
- उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिका और इजरायल से जुड़े बैंक और आर्थिक केंद्र ईरान के संभावित निशाने पर हो सकते हैं।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें



