लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन गेंद के आकार पर विवाद के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अंपायरों से उलझते नजर आए। लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का पहला सत्र बेहद दिलचस्प रहा। भारत ने इंग्लैंड पर शिकंजा कसते हुए बेन स्टोक्स, जो रूट और क्रिस वोक्स के अहम विकेट झटके।
इसी बीच 91वें ओवर में दूसरी नई गेंद का 10.4 ओवर ही हुआ था कि भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने गेंद के आकार पर सवाल खड़े किए। गिल ने अंपायर पॉल रीफेल से शिकायत की और गेंद की जांच करने को कहा। अंपायर ने अपनी जेब से रिंग निकाली और जांच की तो गेंद पास नहीं हुई। इसके बाद चौथे अंपायर नए गेंदों का बॉक्स लेकर आए और गेंद बदली गई।
अंपायर से गिल की बहस, सिराज भी हुए नाराज़
नई गेंद चुनने के बाद भी गिल संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने अंपायर शरफुद्दौला से जोरदार बहस की और नाराज़गी जाहिर की। गिल लगातार अपनी बात पर अड़े रहे लेकिन अंततः उन्हें फील्डिंग पोजिशन पर लौटने को कहा गया ताकि खेल फिर शुरू हो सके।
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी इस विवाद में कूद पड़े। उन्होंने गेंद देखकर अंपायर से पूछा, “ये 10 ओवर पुरानी गेंद है? सचमुच?” सिराज की बात स्टंप माइक पर साफ सुनी गई, जिससे पता चला कि टीम इंडिया नई गेंद के चयन से नाखुश थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें और वीडियो
इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस और विशेषज्ञ दोनों ही गिल और सिराज की नाराज़गी पर चर्चा कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

