उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों में जवाब देने को कहा था।
लेकिन जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर भाजपा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वीडियो में अमर किशोर एक महिला को पार्टी कार्यालय में गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस मामले को भाजपा नेतृत्व ने अनुशासनहीनता और पार्टी की गरिमा के खिलाफ माना।
प्रदेश नेतृत्व का सख्त रुख
भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का आचरण पार्टी के सिद्धांतों और मर्यादा के अनुरूप नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के निर्देश पर निष्कासन की कार्रवाई की गई। यह निर्णय संगठन की गरिमा बनाए रखने के लिए लिया गया है।
महिला कार्यकर्ता ने दी सफाई
इस विवाद के बाद महिला कार्यकर्ता का बयान भी सामने आया है। उसने कहा कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। महिला के अनुसार, वह लखनऊ से लौट रही थी जब उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को मदद के लिए बुलाया, जो उसे स्टेशन से लेकर पार्टी कार्यालय तक लाए ताकि वह आराम कर सके। महिला ने बताया कि सीढ़ियों पर चढ़ते वक्त हील्स पहनने के कारण उसे चक्कर आया और अमर किशोर ने उसे गिरने से बचाया। उसका दावा है कि वीडियो में जो दृश्य दिखाया गया है वह पूरी स्थिति को तोड़-मरोड़कर दिखाता है।
महिला ने बताया पारिवारिक रिश्ता, जताई राजनीति की साजिश की आशंका
महिला ने यह भी दावा किया कि अमर किशोर उनके पारिवारिक मित्र हैं और वह उन्हें अपने पिता और बड़े भाई की तरह मानती हैं। उसने इस वीडियो को एक राजनीतिक साजिश करार दिया और कहा कि वह जल्द ही इस संबंध में पुलिस में शिकायत करेगी। यदि आवश्यक हुआ तो वह महिला आयोग से भी मदद मांगेगी।
इसे भी पढ़े-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें



