भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) को पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्देनजर अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसे ‘भरोसे का शपथ पत्र’ नाम दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे लॉन्च करते हुए कहा कि यह दस्तावेज राज्य के लोगों के लिए विश्वास और विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और आम जनता को नई उम्मीद देगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।
चुनावी रणनीति: ‘भय बनाम विश्वास’
बीजेपी इस चुनाव को ‘भय बनाम विश्वास’ की लड़ाई के रूप में पेश कर रही है। पार्टी ने ममता बनर्जी सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में डर का माहौल है और जनता बदलाव चाहती है।
घोषणापत्र की बड़ी घोषणाएं
घुसपैठ पर सख्ती: बीजेपी ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने का वादा किया है। इसके तहत घुसपैठियों की पहचान, नाम हटाने और उन्हें वापस भेजने (डिटेक्ट, डिलीट, डिपोर्ट) की प्रक्रिया लागू की जाएगी।
कर्मचारियों और महिलाओं के लिए वादे
- सभी सरकारी पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता (DA) देने का आश्वासन
- सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर 7वां वेतन आयोग लागू करने का वादा
- महिलाओं को हर महीने ₹3000 की आर्थिक सहायता
स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था
- राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू करने की घोषणा
- 6 महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में काम
- गौ तस्करी रोकने के लिए सीमाओं को सील करने की योजना
युवाओं और रोजगार पर फोकस
बीजेपी ने बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹3000 भत्ता देने का वादा किया है, ताकि उन्हें नौकरी मिलने तक आर्थिक सहारा मिल सके।
कोलकाता और महिलाओं के लिए खास प्लान
पार्टी ने कोलकाता को विश्वस्तरीय शहर बनाने का लक्ष्य रखा है।
- मेट्रो नेटवर्क का विस्तार
- पुलों का सुदृढ़ीकरण
- हल्दिया पोर्ट का विकास
- सिंडिकेट सिस्टम खत्म करने का वादा
महिलाओं के लिए:
- 75 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य
- बसों में मुफ्त यात्रा
- गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 सहायता
- सुरक्षा के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना
किसानों और उद्योग के लिए योजना
किसानों को राहत देने के लिए आलू, धान और आम की खेती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
चाय उद्योग को मजबूत करने और बागानों के विकास की भी योजना है। उत्तर बंगाल में IIT, AIIMS, IIM और फैशन डिजाइन संस्थान खोलने की घोषणा की गई है।
कानून व्यवस्था और चार्जशीट
बीजेपी ने टीएमसी सरकार के कार्यकाल पर श्वेत पत्र लाने की बात कही है। राजनीतिक हिंसा की जांच के लिए रिटायर्ड जज की अगुवाई में आयोग बनाने का भी वादा किया गया है। अमित शाह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी ने मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है और अब बंगाल में परिवर्तन की लहर साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप


