पेपर लीक मामले को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच सोमवार को घटनाक्रम तेजी से बदलता नजर आया। संसद मार्च के दौरान हुए हंगामे के बीच केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हालांकि दोनों नेताओं की इस बैठक का एजेंडा फिलहाल स्पष्ट नहीं किया गया है।
संसद मार्च के दौरान बढ़ा तनाव
पेपर लीक मामले को लेकर सीजेपी लगातार केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही थी। इसी क्रम में सोमवार (20 जुलाई) को संगठन ने संसद मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारी संसद भवन के काफी करीब पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान की मुलाकात चर्चा में
संसद मार्च के बीच सामने आई सबसे अहम जानकारी यह रही कि केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। हालांकि दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। वहीं, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर भी किसी प्रकार की पुष्टि नहीं हुई है।
सोनम वांगचुक ने खत्म की भूख हड़ताल
पेपर लीक मामले को लेकर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे। सोमवार को उन्होंने अपना अनशन समाप्त करने की घोषणा कर दी। हालांकि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।
बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद पुलिस की कार्रवाई
संसद मार्च में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे कुछ प्रदर्शनकारियों ने शास्त्री भवन के पास लगाए गए बैरिकेड्स हटाने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षा बलों ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और कुछ स्थानों पर लाठीचार्ज भी किया।
एहतियात के तौर पर जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। इसके चलते कई यात्री मेट्रो स्टेशनों के भीतर ही फंसे रहे।
अभिजीत दीपके ने भी समाप्त किया अनशन
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक लगातार अनशन कर रहे थे। सोमवार को अभिजीत दीपके ने भी अपना भूख हड़ताल समाप्त कर दिया। उनके साथ कई अन्य युवा भी इस आंदोलन में शामिल थे।
सरकार से बातचीत का दावा
सीजेपी ने सोमवार को दावा किया कि केंद्र सरकार ने पहली बार उनसे बातचीत करने की कोशिश की है। हालांकि इस दावे पर केंद्र सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
