प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को 1xBet मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की ₹11.14 करोड़ की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क कर ली है। ईडी ने बताया कि कुर्की में रैना के नाम पर ₹6.64 करोड़ मूल्य के म्यूचुअल फंड निवेश और धवन के नाम पर ₹4.5 करोड़ मूल्य की अचल संपत्ति शामिल है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई।
विदेशी कंपनियों से विज्ञापन सौदे
- जांच में सामने आया है कि दोनों क्रिकेटरों ने विदेशी सट्टेबाजी कंपनी 1xBet और उसके सहयोगी ब्रांड्स के प्रचार के लिए जानबूझकर विज्ञापन समझौते किए थे।
- ईडी के अनुसार, इन समझौतों के तहत किए गए भुगतान विदेशी संस्थाओं के माध्यम से किए गए ताकि धन के अवैध स्रोत को छिपाया जा सके।
- एजेंसी ने इस मामले में युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती और अंकुश हाज़रा से भी पूछताछ की है।
अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क
कुराकाओ में पंजीकृत 1xBet और उसका सरोगेट ब्रांड 1xBat भारत में बिना अनुमति के संचालित हो रहे थे।
जांच से पता चला कि कंपनी ने सोशल मीडिया, वीडियो प्लेटफॉर्म और प्रिंट मीडिया के ज़रिए भारतीय यूज़र्स को निशाना बनाया। विज्ञापन भुगतान जटिल विदेशी लेनदेन और बिचौलियों के ज़रिए किए गए ताकि अवैध सट्टेबाजी से जुड़ी आपराधिक आय को वैध दिखाया जा सके।
ईडी की आगे की जांच जारी
ईडी मुख्यालय ने कहा कि यह कार्रवाई विभिन्न राज्य पुलिस एजेंसियों द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है। एजेंसी अब धन के प्रवाह और विदेशी खातों के माध्यम से हुए लेनदेन की गहन जांच कर रही है।
अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले में और नाम सामने आ सकते हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



