हल्द्वानी, खबर संसार। शहर के रकसिया नाले के पास शिव मंदिर क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन से निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त कर दिया। यह निर्माण उत्तर प्रदेश से आए अतिक्रमणकारियों द्वारा नाले की भूमि पर अवैध रूप से किया जा रहा था, जिसे स्टांप पेपर पर खरीदा गया था।
स्टांप पेपर पर खरीदी गई सरकारी भूमि
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कई लोगों ने स्टांप पेपर पर नाले और सरकारी भूमि की खरीद की, जो पूरी तरह से अवैध और अमान्य है। प्रशासन ने इस पूरे क्षेत्र को खतरनाक और अतिक्रमण से प्रभावित घोषित कर दिया है।
अतिक्रमणकारियों की शिकायतें, ठेकेदारों पर आरोप
अब अतिक्रमण करने वाले निवासियों ने भूमि विक्रेताओं और ठेकेदारों पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने प्रशासन के समक्ष लैंड फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले की गहन जांच की जा रही है।
कड़ी कार्रवाई का प्रशासनिक संदेश
प्रशासन ने सभी निवासियों को तत्काल भवन खाली करने के नोटिस जारी किए हैं। साथ ही भूमि से संबंधित दस्तावेजों की वैधता की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी और नाले की भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


