पहला टेस्ट गंवाने के बाद भारत को शुक्रवार से शुरू हो रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट में इंग्लैंड की बेखौफ ‘बैजबॉल’ शैली का सामना करने के लिये बेहतर रणनीति के साथ उतरना होगा जबकि उसके प्रमुख खिलाड़ी भी चोट के कारण बाहर हैं। अपनी धरती पर काफी मजबूत भारतीय टीम को हैदराबाद में पहले टेस्ट में पराजय झेलनी पड़ी। उसके बाद रविंद्र जडेजा और केएल राहुल के चोट के कारण बाहर होने से उसका काम और मुश्किल हो गया है।
दूसरे टेस्ट में भारत के पास जडेजा नहीं होंगे और 500 टेस्ट विकेट से चार विकेट दूर रविचंद्रन अश्विन को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इसके साथ ही अक्षर पटेल को भी विकेट लेने तथा रनों पर रोक लगाने के नये तरीके तलाशने होंगे। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने पहले मैच मे मिली हार के बाद कहा था ,‘‘ यह जरूरी है कि हम सही रणनीति के साथ उतरे और प्रदर्शन अधिक अनुशासित हो।’’
पहले टेस्ट में ओली पोप ने बेहतरीन प्रदर्शन किया
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि हम रणनीति पर अमल नहीं कर सके। ओली पोप ने बेहतरीन प्रदर्शन किया लेकिन उम्मीद है कि अगले मैच में हम रणनीति पर बेहतर अमल करेंगे और वह कोई गलती करेगा।’’ जडेजा की गैर मौजूदगी में कुलदीप यादव खेल सकते हैं और यह देखना होगा कि भारत जसप्रीत बुमराह के रूप में एक तेज गेंदबाज के साथ उतरता है या वॉशिंगटन सुंदर के रूप में एक और स्पिनर को उतारता है।
दूसरी पारी में सिर्फ रोहित आत्मविश्वास से भरे दिखे जबकि शुभमन गिल समेत युवा ब्रिगेड ने निराश किया। गिल को रक्षात्मक खेल का खामियाजा उठाना पड़ा। तीसरे टेस्ट में विराट कोहली की वापसी होगा जिससे गिल और श्रेयस अय्यर पर अच्छे प्रदर्शन का काफी दबाव होगा। केएल राहुल की जगह रजत पाटीदार खेल सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाने के बाद आखिरकार सरफराज खान को चयनकर्ताओं ने मौका दिया है और वह पदार्पण को बेताब होंगे।
टीमें : भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर,केएस भरत, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, आवेश खान, रजत पाटीदार, सरफराज खान, वॉशिंगटन सुंदर, सौरभ कुमार
इंग्लैंड : बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जेम्स एंडरसन, गुस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, डान लॉरेंस, जाक क्राली, बेन डकेट, बेन फोक्स, टॉम हार्टली, जैक लीच, ओली पोप, ओली रॉबिनसन, जो रूट, मार्क वुड।
इसे भी पढ़े-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें





