पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भारत पर लगाए गए ताज़ा आरोपों पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस्लामाबाद में अदालत के बाहर हुए आत्मघाती हमले के बाद शरीफ ने बिना सबूत भारत को जिम्मेदार ठहराया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि “हम पाकिस्तान के बेसुध नेतृत्व के इन बेबुनियाद आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं।”
जायसवाल ने आगे कहा कि पाकिस्तान का यह जाना-पहचाना रवैया है, जिसके ज़रिए वह अपने देश में सेना-प्रेरित सत्ता संघर्ष और संवैधानिक संकट से लोगों का ध्यान भटकाना चाहता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान की इन चालों को अच्छी तरह जानता है और उसके भ्रमित करने वाले प्रयासों से प्रभावित नहीं होगा।
इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला: 12 की मौत, 27 घायल
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार को अदालत परिसर के बाहर एक आत्मघाती विस्फोट हुआ। गृह मंत्री मोहसिन नकवी के मुताबिक, हमलावर अदालत के अंदर घुसने की कोशिश में असफल रहा और दोपहर 12:39 बजे उसने जी-11 इलाके में फाटक के पास खुद को उड़ा लिया।
इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हुए, जिनमें सुरक्षाकर्मी और एक वकील भी शामिल हैं। नकवी ने बताया कि हमलावर का मकसद अदालत परिसर में ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
पाकिस्तान में बढ़ते आतंकी हमले: अफगान सीमा के पास हालात बिगड़ते जा रहे हैं
हाल के महीनों में पाकिस्तान में आतंकी हमलों में तेज़ी आई है, खासकर अफगानिस्तान की सीमा से लगे इलाकों में। सोमवार को खैबर पख़्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान जिले में एक कैडेट कॉलेज के मुख्य द्वार पर भी आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें छह लोग घायल हुए। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि यह हमला तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकियों द्वारा किया गया था।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
