आईपीएल 2024 के फाइनल के लिए आज सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आज जब यहां दूसरे क्वालीफायर में आमने-सामने होंगी तो यह आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ पावर हिटर ट्रेविड हेड और अभिषेक शर्मा तथा युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन की चतुर स्पिन जोड़ी के बीच मुकाबला भी होगा। हेड ने मौजूदा सत्र में 199.62 के स्ट्राइक रेट से 533 रन बनाए हैं जबकि अभिषेक के नाम पर 207.04 के स्ट्राइक रेट से 470 रन दर्ज हैं। दोनों ने मिलकर अब तक 72 छक्के और 96 चौके मारे हैं।
इसके अलावा सनराइजर्स के पास हेनरिक क्लासेन (180 के स्ट्राइक रेट से 413 रन) के रूप में एक बेहतरीन बल्लेबाज है जो 34 छक्के मारे चुके हैं। उप्पल या कोटला या वानखेड़े की तुलना में चेपक में खेलना हालांकि बिलकुल अलग होगा क्योंकि यहां गेंद रुककर आती है और आते ही बड़े शॉट खेलना आसान नहीं होता। अपना अधिकतर क्रिकेट इसी मैदान पर खेलने वाले रॉयल्स के ऑफ स्पिनर अश्विन यहां की पिच से अच्छी तरह वाकिफ हैं और टूर्नामेंट के आखिरी चरण में उनकी फॉर्म में सुधार हुआ है।
रॉयल्स को उम्मीद होगी कि देश के सर्वश्रेष्ठ लेग स्पिनर चहल के साथ वह हेड, अभिषेक और क्लासेन को जल्दी से जल्दी पवेलियन भेज देंगे जिससे कि वे मैच पर नियंत्रण बना सकें। जहां तक सनराइजर्स की गेंदबाजी की बात है तो एक बार फिर जिम्मेदारी टी नटराजन पर होगी जो इस सत्र में टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं और यहां अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेंगे। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार और पैट कमिंस की अनुभवी जोड़ी को भी काफी कुछ करना होगा क्योंकि पिछले दो मैचों में भुवनेश्वर कुमार ने कोई विकेट नहीं लिया है। सनराइजर्स की समस्या टीम में दो अच्छे स्पिनरों का नहीं होना भी है।
टीमें इस प्रकार हैं:
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, एडेन मार्कराम, अब्दुल समद, नितीश रेड्डी, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस, भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन, मयंक मारकंडे, उमरान मलिक, अनमोलप्रीत सिंह, ग्लेन फिलिप्स, राहुल त्रिपाठी, वाशिंगटन सुंदर, उपेंद्र यादव, जे सुब्रमण्यन, सनवीर सिंह, विजयकांत व्यासकांत, फजलहक फारूकी, मार्को येनसन, आकाश महाराज सिंह और मयंक अग्रवाल।
राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, आवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौर, नांद्रे बर्गर, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, रोवमैन पॉवेल, टॉम कोहलर-कैडमोर, ट्रेंट बोल्ट, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और तनुश कोटियन। समय: मैच शाम 7.30 बजे से होगा।
इसे भी पढ़े-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें

