दमिश्क (सीरिया)। सीरिया की राजधानी दमिश्क के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और कुछ अन्य इलाकों पर हुए इजराइली हमले में पांच सैनिकों की मौत हो गई है। सीरिया के सरकारी मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ ने बताया कि यह हमला देर रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर हुआ। इस हमले में संपत्ति को भी नुकसान हुआ है, जिसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी है।
इजराइल ने सीधे तौर पर इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इजराइल और ईरान के बीच एक प्रकार का संघर्ष चल रहा है।
दमिश्क हवाई अड्डे के अलावा एलेप्पो में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया। इस बात की आशंका है कि इन हवाई अड्डों के जरिए सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल असद और लेबनान के आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह की मदद के लिए हथियारों की आपूर्ति की जा सकती है।
अक्सर होती रहती है दोनों देशों के बीच झड़प
मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार, सीरिया और लेबनान में सहयोगियों को हथियार पहुंचाने के लिए ईरान द्वारा हवाई आपूर्ति को रोकने के लिए इजरायल ने सीरियाई हवाई अड्डों पर हमले तेज कर दिए हैं। बता दें कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच अक्सर झड़प होती रहती है।
दोनों के बीच काफी पुराना विवाद है। गोलान हाइट्स या गोलान पहाड़ियों पर कब्जे को लेकर दोनों में कई बार सैन्य टकराव हो चुका है। इस पहाड़ी पर कभी सीरिया का कब्जा था, लेकिन 1967 में अरब देशों के साथ हुए युद्ध के बाद इस्राइल ने इसे हासिल कर लिया।
गोलान पहाड़ियों को इस्राइल अपने पास इसलिए रखना चाहता है क्योंकि यहां से सीरिया की राजधानी दमिश्क सिर्फ 60 किलोमीटर दूर है। गोलान की ऊंची पहाड़ियों से दमिश्क पर आसानी से नजर रखी जा सकती है।
इसे भी पढ़े-महाराष्ट्र संकट पर बड़ा फैसला, अब 5 जजों की संविधान पीठ करेगी सुनवाई
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए


