डिजिटल भुगतान करने के मामले में विश्व में अव्वल देश बन चुके भारत में Paytm एप लोगों के जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। अक्सर यह एप अपने कैशबैक और नई-नई सेवाओं और सुविधाओं के लिए चर्चा में रहता है लेकिन इस समय यह एप अलग ही कारण से सुर्खियों में आ गया है।
बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने Paytm पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को किसी भी ग्राहक खाते, प्रीपेड साधन, वॉलेट एवं फास्टैग में 29 फरवरी, 2024 के बाद जमा या टॉप-अप स्वीकार नहीं करने का निर्देश दिया है। आरबीआई ने यह कदम व्यापक प्रणाली ऑडिट रिपोर्ट और बाहरी ऑडिटर की अनुपालन सत्यापन रिपोर्ट के बाद उठाया गया है। बताया जा रहा है कि इन रिपोर्टों में भुगतान बैंक में लगातार नियमों के गैर-अनुपालन और सामग्री पर्यवेक्षण से जुड़ी चिंताएं सामने आईं हैं।
पेटीएम ग्राहकों के लिए जानने योग्य बातें
बहरहाल, पेटीएम को लेकर लोगों के मन में तमाम तरह के सवाल तो उठ रहे हैं लेकिन सभी को कुछ चीजें समझ लेनी चाहिए। जैसे यदि आपने यूपीआई से पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट को लिंक किया है तो 29 फरवरी के बाद आप उसका उपयोग नहीं कर पाएंगे।
लेकिन यदि आपका यूपीआई लिंक किसी और बैंक मसलन एसबीआई या अन्य किसी और बैंक के साथ जुड़ा है तो आप पेटीएम एप के माध्यम से भुगतान कर पाएंगे। लोगों के मन में यह भी सवाल है कि क्या आप Paytm से किसी दुकानदार को भुगतान कर पाएंगे, यहां यह समझने की जरूरत है कि यदि दुकानदार राशि को अपने पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट में रिसीव करता है तो 29 फरवरी के बाद आप उसको भुगतान नहीं कर पाएंगे।
यदि दुकानदार किसी और बैंक का क्यूआर कोड देता है तो आप उसको स्कैन करके भुगतान कर सकते हैं। लोगों के मन में यह भी सवाल है कि वॉलेट बैलेंस का क्या होगा तो यहां भी यह समझने की जरूरत है कि ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप उस पैसों को अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकते हैं।
अगर आपके पास Paytm का फास्टैग है तो वह बंद हो जायेगा और उसे अब आपको किसी और कंपनी से खरीदना पड़ेगा। यदि आपने पेटीएम के जरिये लोन लिया है तो भी आपको उस कंपनी को भुगतान करते रहना है जिसके जरिये पेटीएम ने आपको लोन दिलाया था।
इसे भी पढ़े-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें


