पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार (12 मई 2026) को एक बड़ा बम धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
लक्की मारवत जिले के भीड़भाड़ वाले बाजार में हुआ धमाका
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विस्फोट खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मारवत जिले के एक व्यस्त बाजार में हुआ। धमाके में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 23 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
विस्फोटकों से भरे रिक्शा में हुआ ब्लास्ट
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाजार में खड़े विस्फोटकों से लदे एक लोडर रिक्शा में अचानक धमाका हुआ। उस समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी, जिससे बड़ा नुकसान हुआ। धमाके के तुरंत बाद रेस्क्यू 1122 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नौरंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कई घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
पुलिस और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा
घटना के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने मौके से सबूत जुटाने का काम भी शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायलों के लिए रक्तदान किया।
बन्नू पुलिस चौकी हमले के बाद बढ़ा तनाव
इस धमाके से पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में फतेह खेल पुलिस चौकी पर भी बड़ा आतंकी हमला हुआ था। शनिवार रात हुए कार बम विस्फोट में कम से कम 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि एक नागरिक समेत चार लोग घायल हुए थे। इस हमले के बाद पाकिस्तान ने अफगान तालिबान प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को सौंपा विरोध पत्र
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने सोमवार (11 मई 2026) को अफगान चार्ज डी’अफेयर्स को तलब कर विरोध दर्ज कराया। पाकिस्तान का दावा है कि फतेह खेल पुलिस चौकी पर हुए आईईडी हमले की साजिश अफगानिस्तान में बैठे आतंकियों ने रची थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तकनीकी खुफिया जानकारी और शुरुआती जांच में सीमा पार से आतंकी गतिविधियों के संकेत मिले हैं। पाकिस्तान ने अफगान धरती का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए किए जाने पर गंभीर चिंता जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



