महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) के 6 सांसद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इस खबर के बाद राज्य की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि जिन सांसदों के शिंदे गुट के समर्थन में जाने की चर्चा है, उनमें संजय जाधव, संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टिकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय दीना पाटिल के नाम शामिल हैं।
संजय राउत ने बागी सांसदों को दी खुली चुनौती
इसी बीच शिवसेना (UBT) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने संभावित बागी सांसदों को खुली चुनौती दी है। बुधवार, 17 जून को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउत ने कहा कि यदि कोई सांसद पार्टी छोड़ना चाहता है तो उसे पहले इस्तीफा देना चाहिए।उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की तरह अगर फिर से पार्टी तोड़ने की कोशिश हुई तो महाराष्ट्र की जनता और शिवसेना (UBT) के नेता चुप नहीं बैठेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केवल तीन सांसद रहे मौजूद
संजय राउत की प्रेस वार्ता के दौरान शिवसेना (UBT) के नौ लोकसभा सांसदों में से केवल तीन सांसद मौजूद रहे। इनमें अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे शामिल थे। राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सांसदों को जिताने के लिए कड़ी मेहनत की थी। ऐसे में अगर कोई नेता पाला बदलना चाहता है तो उसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
सांसदों की खरीद-फरोख्त का लगाया आरोप
संजय राउत ने दावा किया कि फिलहाल पार्टी के पास सांसदों के आधिकारिक तौर पर पार्टी छोड़ने की कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में सांसदों को 15 करोड़ रुपये देकर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर शिवसेना (UBT) और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियों को इस तरह कमजोर किया जाएगा तो लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया का महत्व खत्म हो जाएगा।
महाराष्ट्र की राजनीति पर पड़ सकता है बड़ा असर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि शिवसेना (UBT) के सांसद वास्तव में शिंदे गुट के साथ जाते हैं तो इसका असर महाराष्ट्र की राजनीति और विपक्षी गठबंधन दोनों पर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।
खबर आपको कैसी लगी, comment box में अवश्य लिखें। वेबसाइट को सब्सक्राइब और लाइक करना भी नहीं भूलें
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

