भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहा क्रिकेट विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ चुका है। इस विवाद की शुरुआत IPL 2026 से हुई, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। केकेआर ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन BCCI के निर्देश के बाद फ्रेंचाइज़ी को यह फैसला लेना पड़ा।
BCB ने ICC से की बड़ी मांग
मुस्ताफिजुर के रिलीज होते ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने कड़ा रुख अपनाया। बोर्ड ने ICC से मांग की कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में होने वाले उसके मैच किसी अन्य देश में शिफ्ट किए जाएं। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होनी है।
भारत में कहां खेले जाने हैं बांग्लादेश के मैच?
ICC के शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को लीग स्टेज में भारत में चार मैच खेलने हैं। इनमें से तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना तय है। ICC ने BCB की मांग को खारिज कर दिया है, लेकिन बांग्लादेश अब भी सुरक्षा कारणों का हवाला दे रहा है।
पाकिस्तान की एंट्री से मचा नया बवाल
इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC के सामने प्रस्ताव रखा कि वह बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी करने को तैयार है। हालांकि क्रिकेट जानकारों का मानना है कि शेड्यूल, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा कारणों से ICC इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेगा।
भारत-श्रीलंका की मेजबानी में होगा टूर्नामेंट
T20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा, जिसकी जानकारी पहले ही ICC को दे दी गई थी। ऐसे में आखिरी समय पर बांग्लादेश का वेन्यू बदलने का अनुरोध लगभग असंभव माना जा रहा है।
मुस्ताफिजुर विवाद की असली वजह
मुस्ताफिजुर रहमान को IPL से रिलीज करने के पीछे बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा का मुद्दा बताया जा रहा है। भारत में इसके विरोध के बाद BCCI पर दबाव बढ़ा और अंततः यह फैसला लिया गया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

