अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत-पाकिस्तान के बीच कथित युद्धविराम की मध्यस्थता को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे घेरा। उन्होंने लोकसभा में कहा, “अगर प्रधानमंत्री में इंदिरा गांधी का 50% भी साहस होता, तो वह ट्रंप को झूठा करार देते।”
राहुल ने कहा, “ट्रंप यह दावा कर रहे हैं क्योंकि वह भारत से ट्रेड डील चाहते हैं। ऐसे में वह दबाव बनाएंगे। अब देखिए, कैसी ट्रेड डील बनती है।” उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी चुप हैं क्योंकि अगर वे बोलते हैं, तो ट्रंप और भी खुलासे कर देंगे।
मोदी का पलटवार: विपक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहा
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बयान पर तीखा जवाब दिया और कहा कि दुनिया के किसी भी नेता ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को रोकने के लिए नहीं कहा। उन्होंने लोकसभा में कहा कि “जवानों के पराक्रम को देश की जनता ने सराहा लेकिन विपक्ष ने नहीं।”
मोदी ने कांग्रेस पर पाकिस्तान समर्थक बयानबाजी का आरोप लगाया और कहा कि पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा था। उन्होंने बताया कि पहलगाम हमला देश में हिंसा फैलाने की साजिश थी जिसे एकता ने नाकाम किया।
ऑपरेशन सिंदूर पर उठा सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विमानन क्षेत्र को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने ट्रंप के 29 बार युद्धविराम कराने के दावे को झूठा बताया और पीएम से अपील की कि वे संसद में खड़े होकर इसे असत्य ठहराएं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
