Thursday, February 12, 2026
HomeTourismबार-बार ट्रैफिक नियम तोड़े तो सीधे लाइसेंस सस्पेंड, 1 जनवरी से लागू...

बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़े तो सीधे लाइसेंस सस्पेंड, 1 जनवरी से लागू सख्ती

सड़कों पर बढ़ते हादसों और लापरवाह ड्राइविंग पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने Motor Vehicle Rules में बड़ा बदलाव किया है। अब ट्रैफिक नियम तोड़ना सिर्फ जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर आपके ड्राइविंग लाइसेंस पर पड़ेगा। यह फैसला उन ड्राइवरों के लिए चेतावनी है, जो बार-बार नियमों की अनदेखी करते हैं।

आदतन नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

नए नियमों के तहत अगर कोई ड्राइवर बार-बार ट्रैफिक उल्लंघन करता है, तो उसे सिर्फ चालान देकर नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार का साफ कहना है कि ओवरस्पीड, रेड लाइट जंप, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट ड्राइविंग जैसी लापरवाहियों को अब गंभीर अपराध माना जाएगा।

5 नियम तोड़े तो 3 महीने का बैन

सरकारी संशोधन के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति एक साल के भीतर 5 या उससे ज्यादा बार ट्रैफिक नियम तोड़ता है, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड किया जा सकता है। हालांकि यह कार्रवाई सीधे नहीं होगी। पहले संबंधित ड्राइवर को नोटिस भेजा जाएगा।

सफाई का मिलेगा पूरा मौका

ड्राइवर को नोटिस के जवाब में अपनी सफाई देने का मौका मिलेगा। वह यह साबित कर सकता है कि नियम अनजाने में या किसी मजबूरी में टूटा। यदि अधिकारी जवाब से संतुष्ट होते हैं, तो लाइसेंस सस्पेंड नहीं किया जाएगा। लेकिन कमजोर दलील की स्थिति में तीन महीने तक वाहन चलाने पर पूरी तरह रोक लग सकती है।

1 जनवरी से लागू हुआ नियम

सरकार ने साफ किया है कि इस नियम के तहत सिर्फ पिछले एक साल के उल्लंघन ही गिने जाएंगे। एक साल से पुराने मामलों को शामिल नहीं किया जाएगा। यानी ड्राइवर का हालिया व्यवहार ही तय करेगा कि वह आदतन अपराधी है या नहीं। यह नियम 1 जनवरी से पूरे देश में लागू कर दिया गया है।

सड़क हादसों पर लगेगी लगाम

अधिकारियों का मानना है कि इस सख्ती से लोग ट्रैफिक नियमों को हल्के में नहीं लेंगे। डर और जिम्मेदारी दोनों बढ़ेगी, जिससे सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है। वाहन चलाने से पहले इन नियमों को जानना अब बेहद जरूरी हो गया है।


इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-

Most Popular

About Khabar Sansar

Khabar Sansar (Khabarsansar) is Uttarakhand No.1 Hindi News Portal. We publish Local and State News, National News, World News & more from all over the strength.