आज के दौर में टेक्नोलॉजी हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। स्मार्ट गैजेट्स न सिर्फ रोजमर्रा के काम आसान बनाते हैं, बल्कि कई बार मुश्किल परिस्थितियों में भी मददगार साबित होते हैं। हालांकि, दुनिया के हर देश में सभी गैजेट्स का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। कई ऐसे डिवाइसेज हैं जो कुछ देशों में सामान्य रूप से इस्तेमाल किए जाते हैं, लेकिन दूसरे देशों में उन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना या जेल तक की सजा हो सकती है।
सैटेलाइट फोन पर कई देशों में सख्त नियम
सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल खासतौर पर ट्रैवलर्स और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोग करते हैं। यह डिवाइस बिना मोबाइल नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी सैटेलाइट के जरिए कनेक्टिविटी उपलब्ध कराता है। अमेरिका समेत कई देशों में इसका उपयोग आम है, लेकिन भारत सहित कई देशों में सैटेलाइट फोन पर कड़े नियम लागू हैं। बिना अनुमति इसके इस्तेमाल पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
ड्रोन इस्तेमाल करने से पहले जान लें नियम
पिछले कुछ वर्षों में ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। भारत में शादी समारोह, ट्रैवल व्लॉग और पर्यटन स्थलों की शूटिंग के लिए ड्रोन का खूब उपयोग किया जा रहा है। लेकिन हर देश में इसके नियम एक जैसे नहीं हैं। उदाहरण के तौर पर, इजिप्ट में विदेशी पर्यटकों को ड्रोन ले जाने की अनुमति नहीं है। वहीं मोरक्को में ड्रोन उड़ाने से पहले प्रशासनिक अनुमति लेना जरूरी होता है।
डैशकैम भी बन सकता है परेशानी की वजह
डैशकैम अब कई देशों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। भारत में लोग अपने वाहन की सुरक्षा और रिकॉर्डिंग के लिए डैशकैम का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, कुछ यूरोपीय देशों में इसे प्राइवेसी से जुड़ा मुद्दा माना जाता है। पुर्तगाल, लग्जमबर्ग और ऑस्ट्रिया जैसे देशों में डैशकैम का इस्तेमाल करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
वॉकी-टॉकी यूज करने के लिए जरूरी है परमिट
वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल सुरक्षा और कम्युनिकेशन के लिए लंबे समय से किया जा रहा है। भारत में भी सिक्योरिटी एजेंसियां और कई संस्थान इसका उपयोग करते हैं। लेकिन कुछ देशों में इसके लिए विशेष अनुमति लेना अनिवार्य है। यूएई में वॉकी-टॉकी इस्तेमाल करने से पहले परमिट लेना पड़ता है। वहीं थाईलैंड में केवल निर्धारित फ्रीक्वेंसी पर ही इसे ऑपरेट करने की अनुमति है। नियमों का उल्लंघन करने पर डिवाइस जब्त किया जा सकता है।
VPN पर भी कई देशों में लगा है प्रतिबंध
इंटरनेट प्राइवेसी बनाए रखने के लिए VPN का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। यह यूजर की ऑनलाइन एक्टिविटी को सुरक्षित रखने के लिए एन्क्रिप्टेड कनेक्शन उपलब्ध कराता है। हालांकि, पाकिस्तान, रूस और तुर्किये जैसे कई देशों में VPN सेवाओं पर प्रतिबंध या सख्त निगरानी लागू है। इन देशों में बिना अनुमति VPN का उपयोग कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है।
विदेश यात्रा से पहले जरूर जांच लें स्थानीय नियम
अगर आप विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं और अपने साथ कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जा रहे हैं, तो संबंधित देश के नियमों की जानकारी पहले से जरूर ले लें। कई बार सामान्य दिखने वाले गैजेट्स भी दूसरे देशों में गैर-कानूनी माने जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना जरूरी है ताकि यात्रा के दौरान किसी कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

