साल 2025 टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यादगार रहेगा, क्योंकि इस साल कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट को अलविदा कहा। भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अब इस सूची में श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज का नाम भी जुड़ गया है।
आखिरी टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने दी गार्ड ऑफ ऑनर
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच कोलंबो में चल रहे टेस्ट मैच में एंजेलो मैथ्यूज आज अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे हैं। जब तीसरे दिन वह बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे, तो बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक गार्ड ऑफ ऑनर दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ी दो कतारों में खड़े हुए और तालियों की गूंज के बीच मैथ्यूज ने मैदान में प्रवेश किया। यह पल क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद भावुक और खास रहा।
आखिरी पारी में दिखाया क्लास, चूके अर्धशतक से
मैथ्यूज ने अपने अंतिम टेस्ट की आखिरी पारी में 69 गेंदों में 39 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 56.52 रहा और इस पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का भी जड़ा। हालांकि वह अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी में अनुभव और संयम साफ झलक रहा था।
गौरवशाली रहा मैथ्यूज का टेस्ट करियर
एंजेलो मैथ्यूज ने अपने करियर में अब तक 119 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 8,206 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 200 रन रहा है। मैथ्यूज का टेस्ट औसत लगभग 45 का रहा है, जो उनके उच्च स्तर के प्रदर्शन को दर्शाता है। एंजेलो मैथ्यूज का टेस्ट करियर अब भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन उन्होंने जो योगदान श्रीलंका क्रिकेट को दिया है, वह आने वाले वर्षों तक याद रखा जाएगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


