भारत और पाकिस्तान के रिश्ते जब भी क्रिकेट के मैदान में आते हैं, विवाद अपने आप पैदा हो जाता है। अब यह टकराव खेल से निकलकर विज्ञापन और प्रमोशन की दुनिया तक पहुंच गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी T20 सीरीज के लिए जो नया प्रोमो जारी किया है, उसने भारत-पाक क्रिकेट तनाव को एक बार फिर हवा दे दी है।
PCB प्रोमो विवाद: “हैंडशेक भूल गए आप?”
PCB के इस प्रोमो में पाकिस्तान को एक मेहमाननवाज़ देश के रूप में दिखाया गया है। वीडियो में विदेशी पर्यटक पाकिस्तान की सड़कों, बाजारों और स्टेडियम का आनंद लेते नजर आते हैं। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा भी संक्षिप्त भूमिका में दिखाई देते हैं।
लेकिन विवाद तब खड़ा हुआ जब वीडियो के आखिरी सीन में एक विदेशी यात्री टैक्सी से उतरता है और ड्राइवर से हाथ मिलाए बिना आगे बढ़ जाता है। तभी ड्राइवर उसे रोकते हुए कहता है—
“हैंडशेक भूल गए आप? शायद हमारे पड़ोसियों के यहाँ रुके थे।”
इसे भारतीय क्रिकेट टीम की नो-हैंडशेक पॉलिसी पर सीधा तंज माना जा रहा है।
भारत की नो-हैंडशेक पॉलिसी की शुरुआत
भारत ने एशिया कप 2025 के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ नो-हैंडशेक पॉलिसी अपनाई थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तीन मुकाबलों में पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया। बाद में महिला विश्व कप में हरमनप्रीत कौर ने भी पाक कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया।
इसके बाद U19 एशिया कप और राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी यही रुख देखने को मिला। भारतीय टीम ने इसे भारतीय सेना और पहलगाम हमले के पीड़ितों के प्रति सम्मान से जोड़ा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बढ़ा तनाव
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब भारत और पाकिस्तान 15 फरवरी 2026 को T20 वर्ल्ड कप में कोलंबो में आमने-सामने होंगे। विशेषज्ञ मानते हैं कि PCB का यह प्रोमो मैदान के बाहर तनाव को और बढ़ा सकता है।
राजनीतिक और सुरक्षा कारणों से भारत पहले ही पाकिस्तान दौरे से दूरी बनाए हुए है। अब यह “हैंडशेक विवाद” खेल भावना बनाम राष्ट्रीय सम्मान की बहस को और गहरा कर रहा है। सबकी नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या वर्ल्ड कप मुकाबले में भी यह साइलेंट प्रोटेस्ट जारी रहेगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

