ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने के बाद वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर दक्षिण एशिया सहित कई देशों पर पड़ा है। जहां भारत, नेपाल और बांग्लादेश ने इस संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक उपाय किए, वहीं पाकिस्तान इस स्थिति से उबर नहीं सका। इसी के चलते पाकिस्तान सरकार ने देशभर में स्मार्ट लॉकडाउन लागू करने का फैसला लिया है।
रात 8 बजे से बाजार और मॉल बंद
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। सरकारी रेडियो के अनुसार, पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में:
- बाजार और शॉपिंग मॉल रात 8 बजे बंद होंगे
- वाणिज्यिक गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रहेगा
हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा के कुछ संभागीय मुख्यालयों में बाजारों को रात 9 बजे तक खोलने की छूट दी गई है।
शादी समारोह और रेस्टोरेंट पर भी पाबंदी
सरकार ने ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए कई अतिरिक्त प्रतिबंध भी लागू किए हैं:
- रेस्टोरेंट, बेकरी और खाने-पीने की दुकानें रात 10 बजे के बाद बंद
- मैरिज हॉल और समारोह स्थल भी 10 बजे के बाद बंद
- निजी घरों में भी रात 10 बजे के बाद शादी समारोह पर रोक
हालांकि, मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट एक महीने तक फ्री
जनता को राहत देने के लिए सरकार ने एक और बड़ा ऐलान किया है। गिलगित और मुजफ्फराबाद में:
- पब्लिक ट्रांसपोर्ट एक महीने तक मुफ्त रहेगा
- इसका पूरा खर्च सरकार वहन करेगी
इस बैठक में डिप्टी पीएम इशाक डार, योजना मंत्री एहसान इकबाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये सभी प्रतिबंध तुरंत प्रभाव से लागू होंगे। यानी आज रात 8 बजे से पूरे पाकिस्तान में स्मार्ट लॉकडाउन लागू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप



