वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेंस जेवलिन थ्रो क्वालीफिकेशन राउंड में भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने पहले ही थ्रो में फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। टोक्यो में खेले जा रहे इस इवेंट में नीरज ने अपने पहले प्रयास में 84.85 मीटर का थ्रो किया, जो क्वालीफाई मार्क 84.50 मीटर से ज्यादा था।
अरशद नदीम से हो सकती है रोमांचक टक्कर
क्वालीफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा पूरी लय में नजर आए। अब फाइनल में उनकी भिड़ंत पाकिस्तान के अरशद नदीम से होने की संभावना है। हालांकि दोनों अलग-अलग ग्रुप में खेले, लेकिन फाइनल में दोनों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। अरशद नदीम ने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में 92.97 मीटर का थ्रो कर गोल्ड जीता था। वहीं नीरज 89.45 मीटर के साथ रजत पर रहे थे।
टोक्यो स्टेडियम से जुड़ी सुनहरी यादें
नीरज चोपड़ा को इस चैंपियनशिप में वाइल्ड कार्ड मिला था और वे जर्मनी के डायमंड लीग चैंपियन जूलियन वेबर के साथ ग्रुप ए में खेले। खास बात यह है कि यही टोक्यो स्टेडियम वह जगह है जहां नीरज ने टोक्यो ओलंपिक में भारत को ऐतिहासिक गोल्ड मेडल दिलाया था। अब एक बार फिर इतिहास रचने का मौका उनके सामने है।
नीरज का लक्ष्य खिताब बचाने का
वर्तमान चैंपियन नीरज चोपड़ा अगर इस बार भी खिताब बचाने में सफल होते हैं, तो वे इतिहास रच देंगे। अब तक सिर्फ दो खिलाड़ी ही जेवलिन थ्रो वर्ल्ड खिताब को लगातार डिफेंड कर पाए हैं। नीरज इस उपलब्धि को हासिल करने वाले तीसरे एथलीट बन सकते हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
