हल्द्वानी। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था द्वारा 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आर्मी कैंट हल्द्वानी में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और योग प्रभारी धर्मा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में भारतीय सेना के अधिकारीगण व सैकड़ों जवानों ने भाग लिया।
स्वस्थ जीवन की कुंजी है योग
योग शिविर के दौरान धर्मा कुमारी और संस्था सदस्य मनीष साहू ने संयुक्त रूप से कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है। यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करते हुए हमें प्रकृति से जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से न केवल बीमारियों से मुक्ति मिलती है, बल्कि यह ध्यान, सहनशीलता, सामाजिकता और आत्मिक शक्ति भी प्रदान करता है।
योग से होता है व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण
धर्मा कुमारी ने योग को प्रकृति का अनमोल उपहार बताते हुए कहा कि योग से व्यक्ति दृढ़ निश्चयी बनता है और समाजहित, धर्महित एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त करता है। यही कारण है कि योग को व्यक्ति निर्माण से जोड़कर राष्ट्र निर्माण का आधार कहा जाता है।
सैनिकों के साथ समाजसेवी भी रहे शामिल
इस अवसर पर सेना के जवानों के साथ संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। जिनमें जया जोशी, पूर्णिमा रजवार, रोहतास प्रजापति, सूरज मिस्त्री, दीपक कुमार और सुशील राय प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


