देहरादून, खबर संसार। सचिव उत्तराखण्ड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रंजीत सिन्हा की अध्यक्षता में सचिवालय स्थित डी.एम.एम.सी. सभागार में मानसून से पूर्व की तैयारियों को लेकर राज्य के समस्त जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई। बैठक में आईजी एस.डी.आर.एफ. श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल तथा अपर सचिव आपदा प्रबंधन सविन बंसल उपस्थित रहे। बैठक में राज्य स्तर के समस्त लाईन डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया।
सचिव रंजीत सिन्हा ने राज्य के संवेदनशील जनपदों सहित समस्त जिलों को मानसून आने से पहले की तैयारियों को लेकर सभी जिलाधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने जिलाधिकारियों को जिलों में मॉक ड्रिल अनिवार्य रूप से संपन्न कर लिये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संबंधित डिपार्टमेंट आपदा की स्थिति में जिलों से सम्पर्क बनाये रखने हेतु अपने एक सीनियर ऑफिसर को नोडल अधिकारी नामित कर लें, जो समय से जिलों की समस्याओं को उचित स्तर पर पहुंचाने का कार्य करे।
अपने जिले के संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लें
सचिव रंजीत सिन्हा नें कहा कि सभी जिले अपने संसाधनों जिसमें भोजन, पानी, मेडिसन आदि के भंडारण तथा अति संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लें। मार्गों पर आपदा से संबंधित अधिकारियों के सम्पर्क सूत्र एवं डिटेल वाले होर्डिंग स्थापित करने से आपदा की स्थिति में आमजन को काफी सुविधा होगी। उपलब्ध सैटैलाईट फोन, वायरलैस सैट आदि को चेक कर लें एवं सभी को चालू अवस्था में रखा जाए।


