जी, हां 11 दिन बाद नहर से बरामद हुई गुरुग्राम की मॉडल दिव्या पाहुजा की लाश। शव की तलाश करने के लिए एनडीआरएफ का 25 सदस्यीय दल पटियाला पहुंचा था। एनडीआरएफ की टीम गुरुग्राम और पंजाब पुलिस के साथ मिलकर पटियाला से खनौरी बॉर्डर तक नहर में शव की तलाश कर रही थी।
लेकिन दिव्या पाहुजा की लाश हरियाणा के टोहाना नहर से बरामद हुई ।नहर से शव निकालने के बाद उसकी एक तस्वीर पुलिस ने दिव्या के घर वालों को भेजी, जिसे देखकर उन्होंने ने लाश की शिनाख्त की। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की 6 टीमें शव को ढूंढने में लगी थीं।
बता दें कि गत 2 जनवरी को गुरुग्राम के द सिटी पॉइंट होटल के रूम नंबर 111 में दिव्या की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस वारदात को होटल के मालिक अभिजीत सिंह ने अंजाम दिया था। इस केस में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार बलराज नाम के आरोपी से पूछताछ के बाद हरियाणा पुलिस को दिव्या पाहुजा की लाश बरामद करने में कामयाबी मिली।
बलराज की निशानदेही पर बरामद हुआ दिव्या का शव
बलराज देश छोड़कर बैंकॉक भागने की फिराक में था। उसे और रवि बंगा को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। बलराज गिल अपने मालिक अभिजीत की बीएमडब्ल्यू कार की डिग्गी में दिव्या का शव डालकर उसे ठिकाने लगाने के लिए निकला था। इस काम में रवि बंगा उसका साथ दे रहा था।
अभिजीत सिंह ने अपने होटल के दो स्टाफ के साथ मिलकर दिव्या की लाश को एक कंबल में लपेटा था और अपनी बीएमडब्ल्यू कार की डिग्गी में रख आया। फिर उसने अपने खास गुर्गे बलराज को कार की चाबी सौंपी और शव को ठिकाने लगाने के लिए कहा। अभिजीत ने उसे इस काम के लिए 10 लाख रुपये भी दिए थे।
अश्लील फोटोज से ब्लैकमेल वाली बात गलत, दिव्या की बहन का दावा
गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने इस हत्याकांड में 6 आरोपियों को नामजद किया है, जिनमें मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह, हेमराज, ओम प्रकाश, मेघा, बलराज गिल और रवि बंगा के नाम शामिल हैं। ये सभी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दिव्या पाहुजा (27) बलदेव नगर गुरुग्राम की रहने वाली थी।
उसकी छोटी बहन नैना ने आजतक से विशेष बातचीत में बताया था कि उसकी दिव्या से आखरी बातचीत 2 जनवरी दोपहर 12 बजे के करीब हुई थी। दिव्या ने कहा था कि वह आधे घंटे में घर पहुंच रही है, लेकिन जब शाम 6 बजे तक वह नहीं लौटी तो परिजनों को संदेह हुआ कि कहीं कुछ तो बुरा हुआ है। नैना की शिकायत पर गुरुग्राम के सेक्टर-14 पुलिस स्टेशन में हत्या का केस दर्ज किया गया था।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
