राजस्थान में थप्पड़कांड से सुर्खियों में आए निलंबित एसडीएम छोटू लाल शर्मा को लेकर अब नया मोड़ सामने आया है। उनकी पहली पत्नी पूनम शर्मा ने मीडिया के सामने आकर कई हैरान कर देने वाले दावे किए हैं। पूनम ने कहा कि भले ही छोटू लाल अब दूसरी जिंदगी जी रहा हो, लेकिन वह आज भी उसके नाम का सिंदूर लगाती हैं।
गरीबी से अफसरी तक: एक संघर्ष भरी कहानी
पूनम शर्मा ने बताया कि उनकी शादी 2008 में छोटू लाल शर्मा से हुई थी। उस समय घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। दोनों ने मिलकर संघर्ष किया और सपने बुने। पूनम ने अपने गहने तक बेचकर पति की पढ़ाई में मदद की। लेकिन वह कहती हैं कि शादी के शुरुआती दिनों से ही छोटू लाल का स्वभाव गुस्सैल था। छोटी-छोटी बात पर मारपीट कर देता था, फिर भी उन्होंने सहन किया क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि वह एक दिन बदल जाएगा।
अफसर बनने के बाद बदल गया रवैया
2018 में छोटू लाल शर्मा के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयन के बाद सब कुछ बदल गया। पूनम के मुताबिक, अफसर बनने के बाद उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह कहने लगा कि “अब तुम बूढ़ी लगने लगी हो।” धीरे-धीरे घर में कलह बढ़ी और वह दूसरी औरतों के संपर्क में आने लगा।
कोरोना काल में रची नई चाल
साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान छोटू लाल ने बच्चों को पढ़ाई के बहाने पिलानी भेजने की सलाह दी। पूनम बच्चों के साथ पिलानी चली गईं, लेकिन कुछ ही समय में छोटू लाल ने संपर्क तोड़ दिया। फीस भेजना बंद कर दिया और फोन पर भी बात करने से कतराने लगा।
नकली सिग्नेचर से तलाक का झटका
एक दिन पूनम को डाक से तलाक के कागज मिले, जिन पर उनके जाली हस्ताक्षर थे। उन्होंने तुरंत जोधपुर हाईकोर्ट में मामला दायर किया और बताया कि वह अब भी कानूनी रूप से छोटू लाल की पत्नी हैं। पूनम ने कहा कि “मैं आज भी उसके नाम का सिंदूर लगाती हूं।”
‘एसडीएम हूं, जो चाहूं कर सकता हूं’
पूनम ने आरोप लगाया कि छोटू लाल का गुस्सा उसकी अफसरी से कहीं ज्यादा था। वह किसी को नहीं छोड़ता था। “एक बार उसने मेले में झूले वाले को सिर्फ इसलिए थप्पड़ मार दिया क्योंकि झूला रोकने में देर हो गई थी।”
एसडीएम की सफाई: वीडियो एडिटेड है
छोटू लाल शर्मा ने अपने बचाव में कहा कि वीडियो एडिटेड है और उनके साथ अन्याय हुआ है। उनका दावा है कि पेट्रोल पंप कर्मचारी ने अभद्रता की थी, जिस पर उन्होंने विरोध जताया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



