भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने आखिरकार लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का साथ छोड़ दिया है। मंगलवार (23 जून) को आईपीएल की ओर से आधिकारिक जानकारी साझा की गई, जिसमें बताया गया कि ट्रेड डील के तहत पंत अब दोबारा दिल्ली कैपिटल्स (DC) का हिस्सा बन गए हैं। वहीं भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते नजर आएंगे।
सिर्फ 3 शब्दों में दिया विदाई संदेश
टीम से अलग होने के बाद आमतौर पर खिलाड़ी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हैं, लेकिन ऋषभ पंत ने बेहद सादा अंदाज अपनाया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सिर्फ तीन शब्द लिखे — “थैंक यू टीम।” पंत का यह छोटा सा मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी इस पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे पंत
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में खरीदा था। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बने थे।
फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी थी, लेकिन उनकी अगुवाई में टीम लगातार दो सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। इसके बाद पंत और टीम मैनेजमेंट के बीच रिश्तों में खटास की खबरें सामने आने लगी थीं।
कप्तानी छोड़ने के बाद टीम से भी हुए अलग
आईपीएल 2026 में लखनऊ के बाहर होने के बाद फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी, जिसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया।
हालांकि बाद में कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पंत ने खुद कप्तानी नहीं छोड़ी, बल्कि उन्हें कप्तानी से हटाया गया था। इसके कुछ समय बाद ही उनके दिल्ली कैपिटल्स में लौटने की खबर सामने आ गई।
ऋषभ पंत का IPL करियर
अगर ऋषभ पंत के आईपीएल रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो उन्होंने अब तक 139 मुकाबले खेले हैं। इन मैचों की 136 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए पंत ने 33.60 की औसत और 146.79 के स्ट्राइक रेट से 3865 रन बनाए हैं।
उनके नाम आईपीएल में 2 शतक और 20 अर्धशतक भी दर्ज हैं। आक्रामक बल्लेबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता के चलते पंत को टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिना जाता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


