आज के समय में ऑनलाइन शॉपिंग लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई है। कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स और रोजमर्रा के घरेलू सामान की खरीदारी के लिए लोग Amazon जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, अमेरिका के न्यूयॉर्क में प्रस्तावित नए श्रम कानून से Amazon की डिलीवरी सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
कंपनी ने चेतावनी दी है कि यदि न्यूयॉर्क में प्रस्तावित नया श्रम कानून लागू होता है, तो उसे 5,000 से अधिक डिलीवरी ड्राइवरों की नौकरियों में कटौती करनी पड़ सकती है। इसके साथ ही, कंपनी ने शहर में अपने 15 डिलीवरी केंद्र बंद करने की संभावना भी जताई है। इस बदलाव का असर डिलीवरी ड्राइवरों के अलावा गोदामों में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों पर भी पड़ सकता है।
क्या है न्यूयॉर्क का प्रस्तावित डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट?
न्यूयॉर्क में प्रस्तावित डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट के तहत Amazon को उन हजारों डिलीवरी ड्राइवरों को सीधे अपने यहां नौकरी पर रखना पड़ सकता है, जो फिलहाल थर्ड पार्टी कंपनियों के माध्यम से काम करते हैं। इस कानून का उद्देश्य डिलीवरी कर्मचारियों के कामकाज की परिस्थितियों में सुधार करना और उनके अधिकारों को बेहतर बनाना है।
क्यों बंद हो सकते हैं Amazon के 15 डिलीवरी केंद्र?
Amazon का कहना है कि नए कानून के कारण उसकी डिलीवरी व्यवस्था में बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं। इसके जवाब में कंपनी न्यूयॉर्क स्थित अपने 15 लास्ट-माइल डिलीवरी केंद्र बंद कर सकती है। कंपनी के मुताबिक, कामकाज के तरीके में बदलाव की जरूरत पड़ने पर वह कुछ केंद्र बंद करके अपना कारोबार दूसरे इलाकों में स्थानांतरित कर सकती है। यदि ये केंद्र बंद होते हैं, तो डिलीवरी ड्राइवरों के साथ-साथ करीब 2,000 गोदाम कर्मचारियों की नौकरियों पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
ग्राहकों की जेब पर भी पड़ सकता है असर
Amazon के डिलीवरी केंद्र बंद होने की स्थिति में ग्राहकों को भी परेशानी हो सकती है। कंपनी का कहना है कि केंद्रों के बंद होने से सामान की डिलीवरी में अधिक समय लग सकता है। इसके अलावा, ग्राहकों को सामान के लिए ज्यादा कीमत भी चुकानी पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करे













