सोशल मीडिया के दौर में लोग अपनी तस्वीरें दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों के साथ साझा करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी तस्वीरें इंटरनेट पर कहां-कहां पहुंच रही हैं? कई बार अनजान लोग बिना अनुमति किसी की फोटो डाउनलोड करके फर्जी प्रोफाइल बना लेते हैं या उसका गलत इस्तेमाल करते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को अक्सर पता भी नहीं चलता कि उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग हो रहा है।
हालांकि, कुछ आसान और मुफ्त ऑनलाइन तरीकों की मदद से आप पता लगा सकते हैं कि आपकी तस्वीरें किन वेबसाइटों या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं। इसके लिए किसी महंगे सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं है।
गूगल लेंस से ऐसे खोजें अपनी फोटो
अपनी तस्वीर को इंटरनेट पर खोजने का सबसे आसान तरीका रिवर्स इमेज सर्च है। इसके लिए मोबाइल या कंप्यूटर पर Google Lens का इस्तेमाल किया जा सकता है। गूगल सर्च बार में कैमरा आइकन पर टैप करके अपनी फोटो अपलोड करें। कुछ ही सेकंड में गूगल उन वेबसाइटों और लिंक की जानकारी दिखा सकता है, जहां आपकी फोटो या उससे मिलती-जुलती तस्वीर मौजूद है।
अगर आपकी तस्वीर किसी अनजान ब्लॉग, सार्वजनिक फोरम या फर्जी अकाउंट पर इस्तेमाल हो रही है, तो इस तरीके से उसका पता लगाया जा सकता है। कंप्यूटर पर images.google.com खोलकर भी फोटो सर्च की जा सकती है।
थर्ड-पार्टी टूल्स से भी करें फोटो की जांच
अगर किसी ने आपकी फोटो को क्रॉप किया है, बैकग्राउंड बदला है या फिल्टर लगाया है, तो सामान्य इमेज सर्च से उसे ढूंढना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में TinEye, PimEyes और FaceCheck.ID जैसे टूल्स की मदद ली जा सकती है। इनमें से कुछ टूल चेहरे की बनावट के आधार पर मिलती-जुलती तस्वीरें खोजते हैं। हालांकि, इनका इस्तेमाल करने से पहले प्राइवेसी पॉलिसी पढ़ना और भरोसेमंद प्लेटफॉर्म चुनना जरूरी है।
फोटो का गलत इस्तेमाल होने पर क्या करें?
अगर आपकी फोटो किसी फर्जी अकाउंट या वेबसाइट पर दिखाई देती है, तो सबसे पहले संबंधित पेज का स्क्रीनशॉट और URL सेव करें। इसके बाद इंस्टाग्राम, फेसबुक या एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर उस पोस्ट या अकाउंट को रिपोर्ट करें और कॉपीराइट या प्राइवेसी उल्लंघन का विकल्प चुनें।
गूगल सर्च रिजल्ट से तस्वीर या निजी जानकारी हटाने के लिए Personal Content Removal फॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, तस्वीर के जरिए ब्लैकमेल किए जाने पर साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।













